योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन ही राज्य की वास्तविक प्रगति का आधार: एसीएस एके सिंह
जिला स्तर पर योजनाओं की सख्त मॉनिटरिंग, विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
समयबद्ध तरीके से पूरी होंगी सभी परियोजनाएं: उपायुक्त डॉ. वीरेन्द्र कुमार दहिया
समीक्षा बैठक, गुणवत्ता और पारदर्शिता पर जोर
अनाज मंडियों में किसानों को हर सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश, फील्ड विजिट बढ़ाने पर जोर
BOL PANIPAT , 1 अप्रैल। हरियाणा सरकार के अतिरिक्त मुख्य सचिव एके सिंह ने बुधवार को जिला सचिवालय सभागार में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की और अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि सभी परियोजनाओं को तय समय सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। जिला स्तर पर योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन ही राज्य की वास्तविक प्रगति का आधार है।
बैठक में एसीएस ने प्रशासनिक अधिकारियों से खुले तौर पर बातचीत करते हुए योजनाओं की जमीनी स्थिति जानी। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा स्पष्ट है जनहित से जुड़ी प्रत्येक योजना को धरातल पर उतारना और आम जनता तक उसका लाभ पहुंचाना है। इसके लिए अधिकारियों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एसीएस ने कहा कि जिले में संचालित योजनाएं ही सरकार के विकास मॉडल की असली तस्वीर पेश करती हैं। इसलिए यह सुनिश्चित किया जाए कि हर योजना समय पर पूरी हो, उसकी गुणवत्ता उच्च स्तर की हो और उसका लाभ सीधे आम नागरिकों तक पहुंचे। हमें केवल लक्ष्य तय नहीं करने, बल्कि उन्हें हासिल भी करना है।
बैठक में उन्होंने विशेष रूप से 25 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं की समीक्षा करने, कानून व्यवस्था की स्थिति पर नजर रखने, सतर्कता मामलों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और सेवा वितरण प्रणाली को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। इसके अलावा स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक क्षेत्रों की कार्यप्रणाली की भी गहन समीक्षा की गई। बैठक में पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों पर चर्चा करते हुए एके सिंह ने जीटी रोड से इंडस्ट्री क्षेत्र तक बनने वाले रेलवे ओवरब्रिज की प्रगति के बारे में जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से स्पष्ट रूप से पूछा कि कार्य कहां तक पहुंचा है और इसमें आ रही बाधाओं को तुरंत दूर करने के निर्देश दिए। इसके अलावा सिंचाई विभाग की परियोजनाओं और शिक्षा विभाग से जुड़े विभिन्न कार्यों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
उन्होंने शिक्षा क्षेत्र में केंद्रीय विद्यालय और नवोदय विद्यालयों में पढ़ रहे विद्यार्थियों से संबंधित सुविधाओं और फीस व्यवस्था की जानकारी ली वहीं स्वास्थ्य क्षेत्र में भी सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने पर जोर दिया गया। एके सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे नियमित रूप से फील्ड में जाकर योजनाओं का निरीक्षण करें और जमीनी स्तर पर समस्याओं को समझें। उन्होंने सभागार, इंडोर स्टेडियम निर्माण और कई अन्य योजनाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि कागजी कार्यवाही से बाहर निकलकर वास्तविक स्थिति का आकलन करना जरूरी है, तभी योजनाओं का सही क्रियान्वयन संभव है।
उन्होंने अनाज मंडियों के निरीक्षण पर विशेष जोर देते हुए कहा कि मंडियों में किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि अधिकारी नियमित रूप से मंडियों का दौरा करें, वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लें और यह सुनिश्चित करें कि फसल बेचने आए किसानों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि किसानों की सुविधा और सम्मान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। बैठक में उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासनिक सचिव और वरिष्ठ अधिकारी समय-समय पर जनप्रतिनिधियों से संवाद करें, ताकि योजनाओं के क्रियान्वयन में समन्वय बना रहे और स्थानीय समस्याओं का त्वरित समाधान हो सके। उन्होंने स्वास्थ्य और शिक्षा विभाग से जुड़े महत्वपूर्ण स्थलों का दौरा करने के भी निर्देश दिए।
पुलिस विभाग द्वारा कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा करते हुए उन्होंने पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह से बातचीत की और अपराध नियंत्रण के लिए किए जा रहे कदमों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जिले में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं होनी चाहिए।
बैठक के दौरान उपायुक्त डॉ. वीरेन्द्र कुमार दहिया ने जिले में चल रही योजनाओं की प्रगति की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सभी विभागों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए हैं और हर योजना की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। उपायुक्त ने कहा कि जिले में संचालित सभी विकास परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे योजनाओं के कार्यान्वयन में तेजी लाएं और गुणवत्ता से कोई समझौता न करें। हर स्तर पर पारदर्शिता सुनिश्चित की जा रही है और जनता को समय पर लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा कि प्रशासन की पूरी टीम एकजुट होकर काम कर रही है और लक्ष्य है कि जिले को विकास के नए आयामों तक पहुंचाया जाए। उन्होंने अधिकारियों से अपील की कि वे फील्ड में सक्रिय रहें और जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। बैठक के बाद अतिरिक्त मुख्य सचिव एके सिंह ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार की नीतियों को सफल बनाने की जिम्मेदारी प्रशासनिक तंत्र की है। सभी अधिकारी पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें, ताकि जिले के विकास को नई गति मिल सके और आम जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
बैठक में नगर निगम आयुक्त डॉ पंकज यादव, अतिरिक्त उपायुक्त अंकित चौकसे, एसडीएम मनदीप, सीईओ डॉ किरण, सीएमओ डॉ .विजय मलिक,बिजली विभाग के एस ई धर्म सिंह सिहाग, डीईओ राकेश बूरा, पब्लिक हेल्थ के कार्यकारी अभियंता करण बहल, पीडब्ल्यूडी के कार्यकारी अभियंता सावित पन्नू सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने अपने-अपने विभागों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की और आगामी कार्ययोजना पर चर्चा की गई।

Comments