सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना जिला प्रशासन की प्रतिबद्धता: उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ
सेवा सेतु शिविरों में बापौली खंड के 97 लोगों ने दर्ज कराईं शिकायतें
एक ही छत के नीचे मिल रहीं विभिन्न विभागों की सेवाएं
BOL PANIPAT , 14 अक्टूबर। केंद्र व राज्य सरकार के महत्वपूर्ण सेवा संकल्प अभियान के तहत आमजन की समस्याओं का समाधान करने और पात्र नागरिकों तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से जिले में सेवा सेतु शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों के माध्यम से जिला प्रशासन गांवों में पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुन रहा है और उन्हें विभिन्न सरकारी विभागों की योजनाओं, सेवाओं एवं सुविधाओं की जानकारी उपलब्ध करवा रहा है।
इसी कड़ी में उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ के दिशा-निर्देशानुसार बुधवार को बापौली खंड में आयोजित सेवा सेतु शिविर में 97 लोगों ने विभिन्न विभागों से संबंधित अपनी शिकायतें दर्ज कराईं। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित मामलों में आवश्यक कार्रवाई के लिए संज्ञान लिया।
उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि सेवा सेतु शिविरों के माध्यम से आमजन की समस्याओं का समाधान करना सरकार की प्राथमिकता है। जिला प्रशासन का उद्देश्य सरकारी सेवाओं को लोगों के नजदीक पहुंचाना और प्रत्येक पात्र नागरिक को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाना है। इन शिविरों से नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिल रही है।
उन्होंने कहा कि सेवा सेतु शिविर प्रशासन और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम हैं। विभिन्न विभागों के अधिकारी एक ही स्थान पर उपस्थित रहकर लोगों की समस्याएं सुनते हैं और संबंधित मामलों में आवश्यक कार्रवाई करते हैं। इससे ग्रामीणों को एक ही छत के नीचे विभिन्न विभागों की योजनाओं, सेवाओं और सुविधाओं की जानकारी मिलती है तथा सरकारी सेवाओं तक उनकी पहुंच आसान होती है।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविरों में प्राप्त प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लिया जाए और उसका नियमानुसार समाधान सुनिश्चित किया जाए। शिकायतों पर कार्रवाई करते समय संवेदनशीलता और तत्परता बरती जाए, ताकि नागरिकों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने स्पष्ट किया कि पात्र नागरिकों को सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में किसी प्रकार की बाधा नहीं आनी चाहिए। जिला प्रशासन निरंतर प्रयासरत है कि जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान हो और सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पात्र व्यक्ति तक पहुंचे।
एक ही स्थान पर मिलीं विभिन्न विभागों की सेवाएं
सेवा सेतु शिविर में समाज कल्याण एवं न्याय अधिकारिता विभाग, जिला समाज कल्याण विभाग, रेडक्रॉस, महिला एवं बाल विकास विभाग, अंत्योदय, स्वास्थ्य विभाग, क्रीड, बिजली विभाग, महिला विकास निगम, हरियाणा राज्य आजीविका मिशन, हरियाणा एग्रो इंडस्ट्री तथा उद्यान विभाग सहित विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाए गए।
इन स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों को संबंधित विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं, सेवाओं और सुविधाओं की जानकारी दी गई। साथ ही, ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर संबंधित विभागों के अधिकारियों ने आवश्यक कार्रवाई के लिए उनका संज्ञान लिया। शिविरों का उद्देश्य सरकारी सेवाओं को आमजन के लिए सुलभ बनाना और पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया को आसान बनाना है।

Comments