जनता की हर आवाज़ का होगा समाधान: शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा
शिकायत नहीं, समाधान का केंद्र बना ‘श्याम कमल’ कार्यालय
व्यक्तिगत समस्याओं पर भी संवेदनशील सरकार
जनसुनवाई में तेजी से निस्तारण पर जोर, अधिकारियों को सख्त निर्देश
BOL PANIPAT , 11 अप्रैल। हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने शनिवार को सेक्टर 13–17 स्थित बीजेपी कार्यालय ‘श्याम कमल’ में जन शिकायतों की सुनवाई करते हुए कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य जनता की हर समस्या का समयबद्ध और पारदर्शी समाधान करना है। उन्होंने कहा कि दरबार में आने वाले अधिकतर लोग अपनी व्यक्तिगत समस्याएं लेकर आते हैं, लेकिन सरकार उनके हर मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए समाधान सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
मंत्री ढांडा ने स्पष्ट कहा कि “चाहे समस्या व्यक्तिगत हो या सामूहिक, सरकार हर नागरिक के साथ खड़ी है। हमारी प्राथमिकता है कि कोई भी व्यक्ति परेशान न रहे और उसे अपने अधिकार के लिए भटकना न पड़े।” उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का शीघ्र निस्तारण किया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने आगे कहा कि जनसुनवाई कार्यक्रम जनता और सरकार के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम है, जिससे लोगों की समस्याएं जमीनी स्तर पर समझी जा सकती हैं और उनका त्वरित समाधान संभव होता है।
नगर निगम आयुक्त डॉ. पंकज ने जनहित को सर्वोपरि बताते हुए कहा कि “निगम प्रशासन का पूरा फोकस शिकायतों के त्वरित समाधान पर है। जो भी समस्याएं सामने आ रही हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जा रहा है। हमारी कोशिश है कि लोगों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और एक ही स्थान पर उनकी समस्याओं का समाधान हो।”
निगम आयुक्त ने कहा कि निगम की टीम पूरी जिम्मेदारी के साथ काम कर रही है और हर शिकायत पर निगरानी रखी जा रही है ताकि आम नागरिक को राहत मिल सके। इस मौके पर अधिकारियों के अलावा बड़ी संख्या में ग्रामीण शिकायतकर्ता मौजूद रहे।

Comments