संविधान दिवस पर आर्य कॉलेज में हुआ विस्तार व्याख्यान का आयोजन
BOL PANIPAT 26 नवम्बर 2025: आर्य पी.जी. कॉलेज की एनएसएस इकाई द्वारा संविधान दिवस बड़े ही गरिमामय एवं जागरूकता-पूर्ण वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर “संवैधानिक मूल्यों का महत्व” विषय पर एक विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। व्याख्यान में वक्ता तौर पर कॉलेज के सहायक प्राध्यापक दीपक ने छात्रों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि कोई भी देश बिना संविधान के नहीं चल सकता। देश का शासन और सरकार कैसे चलेगी? सरकार के विभिन्न अंगों की रूपरेखा कैसी होगी? किस पद की नियुक्ति कैसे होगी और उसके क्या कार्य होंगे? देश के नागरिकों के क्या अधिकार और कर्तव्य होंगे एवं इनकी रक्षा कैसे होगी? कानून क्या होगा? एक देश को चलाने के लिए ये सभी बातें संविधान में ही निहित होती हैं। इसलिए संविधान बेहद महत्वपूर्ण दस्तावेज है। 26 नवंबर को संविधान दिवस के साथ साथ राष्ट्रीय कानून दिवस भी मनाया जाता है।
एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. मनीषा डुडेजा ने बताया कि वक्ता ने भारतीय संविधान की महत्ता, इसके मूल्यों तथा संविधान की प्रस्तावना के अर्थ को अत्यंत सरल और प्रभावी ढंग से विद्यार्थियों के समक्ष प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि संविधान केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि राष्ट्र की आत्मा है जो नागरिकों को अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का भी बोध कराता है।
एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी प्राध्यापिका आस्था गुप्ता ने कहा कि विद्यार्थियों को अपने मौलिक अधिकारों एवं मूलभूत कर्तव्यों की जानकारी अवश्य होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि युवा पीढ़ी यदि संवैधानिक मूल्यों को जीवन में अपनाएगी, तो समाज और राष्ट्र दोनों ही अधिक सशक्त बनेंगे।
कार्यक्रम के अंत में छात्रों को संविधान की मूल भावनाओं को समझने और उन्हें जीवन में अपनाने हेतु हिंदी में शपथ दिलाई गई। शपथ ग्रहण के दौरान सभी छात्रों ने एक सशक्त और जागरूक भारत के निर्माण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ तथा विद्यार्थियों में संविधान के प्रति सम्मान एवं जागरूकता की भावना और अधिक सुदृढ़ हुई।

Comments