किसान अपनी खरीफ फसलों का मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल पर कराए पंजीकरण. 31 अगस्त तक बढ़ाई गई अंतिम तिथि : डीसी
-विभागीय योजनाओं का लाभ लेने व फसल बीमा के लिए जरूरी है पोर्टल पर पंजीकरण
BOL PANIPAT : 4 अगस्त। डीसी डाक्टर वीरेद्र कुमार ने बताया कि मेरी फसल-मेरा ब्योरा पोर्टल पर खरीफ फसलों के पंजीकरण का कार्य जारी है। उन्होंने जिला के किसानों से आह्वान करते हुए कहा कि जो किसान अपने खेतों में खरीब फसलों की बुवाई कर चुके हैं। वे उपरोक्त पोर्टल पर अपनी फसलों का पंजीकरण अवश्य करा लें। डीसी ने बताया कि पूर्व में पंजीकरण के लिए अंतिम तिथि 31 जुलाई थी। जिसे अब बढ़ाकर 31 अगस्त कर दिया गया है।
डीसी ने कहा कि किसान कल्याण हेतु चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने के लिए किसानों का मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करवाना अनिवार्य है। फसल बिक्री के समय सरकार द्वारा केवल पोर्टल पर पंजीकृत किसान से ही खरीद की जाएगी, ऐसे में किसी भी प्रकार की असुविधा से बचने व फसलों को सरकार द्वारा निर्धारित दाम पर बेचने के लिए जरूरी है कि जिला के किसान पोर्टल पर अपनी बोई गई खरीफ फसल का ब्यौरा दर्ज करा उसका पंजीकरण अवश्य करवाएं।
उन्होंने कहा कि किसान द्वारा पोर्टल पर दर्शाई गई फसल का भौतिक सत्यापन भी करवाया जाएगा। उन्होंने पंजीकरण के अन्य फायदों के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि सरकार के पास सभी किसानों का ब्यौरा आ जाने के बाद उन्हें मंडी बुलाना आसान हो जाता है। किसानों के मोबाइल नंबर पर मैसेज भेजकर बता दिया जाता है कि उन्हें मंडी में किस दिन और किस वक्त आना है। वहीं प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ लेने के लिए संबंधित फसल का ‘मेरी फसल-मेरा ब्योरा पोर्टल’ पर पंजीकरण कराना आवश्यक है।
कृषि विभाग के उपनिदेशक डॉ. आत्मा राम गोदारा ने बताया कि फसलों का पंजीकरण करवाने के लिए संबंधित किसान के पास परिवार पहचान पत्र का होना अनिवार्य है। किसान कोई जानकारी प्राप्त करने के लिए टोल फ्री नंबर 1800-180-2117 पर संपर्क कर सकते हैं। फसलों का पंजीकरण एचटीटीपीएस://फसलडॉटहरियाणाडॉटजीओवीडॉटइन पोर्टल पर किया जा सकता है। किसान अपनी फसल का पंजीकरण पोर्टल पर जाकर स्वयं या कॉमन सर्विस सेंटर के माध्यम से करवा सकते हैं।

Comments