Monday, May 18, 2026
Newspaper and Magzine


फसल बीमा का क्लेम लेना किसानों का हक: हरबंस सिंहमार

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at July 25, 2025 Tags: , , , ,

BOL PANIPAT , 25 जुलाई। जिला पानीपत में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के प्रति किसानों को जागरूक करने के लिए कृषि विज्ञान केंद्र उझा में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर कृषि विज्ञान केंद्र पानीपत के समन्वयक डॉ0 सतपाल, कृषि विषय विशेषज्ञ डा0 राधे श्याम व सहायक सांख्यिकीय अधिकारी हरबंस सिंहमार मौजूद रहे। कार्यक्रम का उदेश्य अधिक से अधिक किसानों को योजना से जोडना तथा किसानों को जागरूक करना रहा।

सहायक सांख्यिकीय अधिकारी हरबंस सिंहमार ने बताया कि पिछले कई वर्षों से किसानों में योजना के प्रति रुझान कम होता दिखाई दे रहा है जो चिंता का विषय है। किसानों को स्थानीय आपदा से हुए नुकसान की भरपाई पूरी करने के लिए फसल बीमा करवाना बहुत महत्वपूर्ण है। इसी मौके पर एक किसान के सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि अगर किसान के खाते से प्रीमियम कटा है व उसने 72 घंटे के अंदर 14447 टोल फ्री नंबर पर अपनी शिकायत दर्ज कराई है व उसके खेत में सर्वे के दौरान फसल खराब हुई पाई जाती है तो वह बीमा प्राप्त करने का हकदार होगा। एक दूसरे किसान ने सवाल किया कि अगर फसल की पैदावार किसी बीमारी के कारण कम होती है तो क्या किसानों को बीमे का लाभ मिलेगा जिसका जवाब देते हुए उन्होंने बताया कि जिले के सभी गांव में फसल कटाई प्रयोग संचालित किये जाते है जिसके आधार पर प्रत्येक गांव की औसत पैदावार निकाली जाती है, यदि औसत पैदावार पिछले सात वर्षों की औसत पैदावार से कम पाई जाती है तो किसानों को उसी अनुपात में नुकसान का क्लेम दिया जाता है अधिकारयों ने किसानों से अनुरोध किया वे अंतिम तिथि 31 जुलाई तक अपनी फसल का बीमा करवाना सुनिश्चत करे।

पानीपत कृषि विज्ञान केंद्र समन्वयक डा0 सतपाल ने भी किसानों को फसल बीमा योजना का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। अंत में डा0 सतपाल व कृषि विभाग के दूसरे अधिकारीयो के साथ किसानों द्वारा कृषि विज्ञान केंद्र पानीपत में धान व कपास के खेतों का भी भ्रमण किया गया। कार्यक्रम का संचालन पीएमएफबीवाई के परियोजना अधिकारी रामनिवास द्वारा किया गया।

Comments