Friday, September 25, 2026
Newspaper and Magzine


सेवा संकल्प अभियान के तहत नेस्ले इंडिया में अग्नि सुरक्षा का पाठ

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at September 25, 2026 Tags: , , , , ,

70 से अधिक कर्मचारियों ने मॉक ड्रिल में सीखी आग से बचाव और सुरक्षित निकासी की तकनीक

BOL PANIPAT , 25 सितंबर। सेवा संकल्प अभियान के तहत फायर एवं इमरजेंसी सर्विसेज हरियाणा, पानीपत की ओर से नेस्ले इंडिया, समालखा में अग्नि सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम एवं मॉक ड्रिल का आयोजन शुक्रवार को किया गया।

    कार्यक्रम का उद्देश्य औद्योगिक कर्मचारियों को आग से बचाव, आपातकालीन स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई तथा सुरक्षित निकासी के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम में फायर ऑफिसर गुरमैल सिंह ने औद्योगिक प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि उद्योगों में विभिन्न प्रकार के अग्नि एवं जीवन सुरक्षा संबंधी खतरे हो सकते हैं। केवल अग्निशमन उपकरण और फायर सेफ्टी सिस्टम स्थापित कर देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि कर्मचारियों एवं श्रमिकों को इनके संचालन की जानकारी और व्यावहारिक प्रशिक्षण देना भी जरूरी है, ताकि आपात स्थिति में इनका सही तरीके से उपयोग किया जा सके।

सेफ्टी मैनेजर शशिकांत साहू ने फायर फाइटरों के साहस और समर्पण पर प्रकाश डालते हुए कहा कि फायर फाइटर वास्तव में हीरो होते हैं। सेना के जवानों की तरह फायर फाइटर भी दूसरों की जान और संपत्ति बचाने के लिए जोखिम भरी परिस्थितियों में प्रवेश करते हैं और कई बार अपनी सुरक्षा को पीछे रखते हैं। उन्होंने कहा कि अग्निशमन सेवा साहस, अनुशासन, टीमवर्क और मानव जीवन बचाने की भावना पर आधारित है।

सब फायर ऑफिसर सुमित एवं फायर एवं इमरजेंसी सर्विसेज हरियाणा के अमित गोस्वामी ने प्रस्तुति के माध्यम से कर्मचारियों को अग्नि सुरक्षा संबंधी जानकारी दी तथा विभिन्न अग्निशमन उपकरणों के संचालन का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। इस दौरान एबीसी ड्राई केमिकल पाउडर फायर एक्सटिंग्विशर, फोम टाइप फायर एक्सटिंग्विशर और फायर हाइड्रेंट सिस्टम के संचालन की जानकारी दी गई।

    कर्मचारियों को आग लगने की स्थिति में तत्काल सुरक्षित कार्रवाई करने, अलार्म उठाने, स्वयं को सुरक्षित रखने, आग का सुरक्षित तरीके से सामना करने तथा आवश्यकता पडऩे पर परिसर से सुरक्षित बाहर निकलने की प्रक्रिया का भी अभ्यास कराया गया।

    कार्यक्रम में नेस्ले इंडिया के 70 से अधिक कर्मचारी एवं श्रमिक उपस्थित रहे। इस अवसर पर फैक्ट्री मैनेजर हितेश जैन, कॉरपोरेट अफेयर्स से अमन बजाज सूद, सेफ्टी मैनेजर शशिकांत साहू तथा फायर एंड सेफ्टी असिस्टेंट मैनेजर स्वेता सरिता सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

नेस्ले इंडिया के प्रबंधन एवं कर्मचारियों ने हरियाणा सरकार तथा फायर एवं इमरजेंसी सर्विसेज हरियाणा द्वारा चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम उद्योगों एवं आमजन में अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूकता और आपातकालीन प्रतिक्रिया क्षमता को मजबूत करने में सहायक हैं।

फायर एवं इमरजेंसी सर्विसेज हरियाणा, पानीपत ने सभी औद्योगिक प्रतिष्ठानों से अपील की कि वे कर्मचारियों के लिए नियमित फायर सेफ्टी ट्रेनिंग, मॉक ड्रिल और अग्निशमन उपकरणों के व्यावहारिक प्रशिक्षण का आयोजन करें, ताकि आग अथवा अन्य आपातकालीन स्थिति में कर्मचारी सुरक्षित एवं प्रभावी ढंग से कार्रवाई कर सकें।

Comments


Leave a Reply