Sunday, September 6, 2026
Newspaper and Magzine


मोतीराम कॉलोनी में फायरिंग व पिता-पुत्र पर जानलेवा हमला करने के चार आरोपी गिरफ्तार

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at September 6, 2026 Tags: , , , , ,

BOL PANIPAT , 06 सितंबर : सीआईए थ्री पुलिस टीम ने मोतीराम कॉलोनी में घर के बाहर पिता-पुत्र पर जानलेवा हमला करने तथा फायरिंग करने के मामले में चार आरोपियों को शनिवार शाम चौटाला रोड से गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान जावा कॉलोनी नूरवाला निवासी आकाश उर्फ पाला, बंटी उर्फ नीशु, मोतीराम कॉलोनी निवासी विजय उर्फ जोगी तथा हरि सिंह कॉलोनी निवासी चिराग उर्फ चिनू के रूप में हुई है।

सीआईए थ्री प्रभारी सब इंस्पेक्टर सुभाष ने बताया कि थाना तहसील कैंप में मोती राम कॉलोनी नूरवाला निवासी लखन पुत्र ईशम सिंह पांचाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह सेंटरिंग का काम करता है। 2 सितंबर की शाम करीब साढ़े 9 बजे वह अपने चाचा जोनी के साथ बाइक पर किसी काम से हरि सिंह चौक गया था। काम के बाद दोनों बाइक से वापस घर लोट रहे थे। इसी दौरान हरि सिंह चौक के पास एक गली में लव पंडित, उसका भाई चिनू पंडित, उसका दोस्त अमन पंडित तथा चार-पांच अन्य युवक बाइक लगाकर रास्ता रोककर खड़े थे। उसने रास्ता रोकने का कारण पूछा तो लव पंडित ने साथियों के साथ मिलकर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी और गाली-गलौज की। आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर उसको छुड़वाया। लव पंडित ने जाते समय उसे देख लेने की धमकी दी।
इसके बाद वह अपने घर लौट आया। कुछ देर बाद वह अपने घर के पास चौक में खड़ा था। तभी लव पंडित अपने साथियों चिराग उर्फ चिनू, अमन पंडित, अमन, अमन जोगी उर्फ डागी, निशु जोगी, पंकज जोगी, लवली जोगी, अंशु राजपूत, विजय जोगी, राहुल बाबा निवासी वार्ड नंबर 11, दीपक बादशाह निवासी कुटानी रोड, कादिर राणा, उसका भाई, सौरभ उर्फ सिंगा निवासी बिचपड़ी तथा करीब 30 अन्य लोगों के साथ उसके घर के पास चौक में हमला करने की नीयत से पहुंचा।
चिनू पंडित, कादिर राणा और सौरभ उर्फ सिंगा के हाथों में अवैध हथियार थे, जबकि अन्य हमलावर लाठी-डंडों व घड़ासियों से लैस थे। आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से उसकी तरफ गोली चला दी। वह जान बचाकर अपने घर की तरफ भागा। इस दौरान अन्य हमलावर लाठी-डंडे लेकर उसके पीछे दौड़ पड़े। किसी तरह भागकर वह अपने घर के अंदर घुस गया।
आरोपियों ने घर के बाहर बैठे उसके पिता ईशम सिंह पांचाल पर हमला कर उन्हें चोटें मार दीं। आरोपियों ने घर के बाहर खड़ी स्विफ्ट कार, उसके भाई की वेन्यू कार तथा परिवार के सदस्यों की बाइकों में भी तोड़फोड़ की। वारदात के बाद सभी आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए हथियारों सहित मौके से फरार हो गए। थाना तहसील कैंप में पुलिस ने लखन की शिकायत पर जानलेवा हमला सहित संबंधित धाराओं के तहत अभियोग दर्ज कर जांच व आरोपियों की धरपकड़ शुरू कर दी थी।

प्रभारी सब इंस्पेक्टर सुभाष ने बताया कि मामले की जांच एवं आरोपियों की धरपकड़ की जिम्मेदारी सीआईए थ्री पुलिस टीम को सौंपी गई थी। पुलिस टीम ने अपने सभी सोर्स सक्रिय कर आरोपियों की धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए थे। टीम को शनिवार देर शाम मामले के चार आरोपियों के चौटाला रोड पर पावर हाउस के पास होने बारे गुप्त सूचना मिली। पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर चारों आरोपियों को काबू कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने फरार साथी आरोपियों के साथ मिलकर उक्त वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उनके फरार साथी आरोपी लव पंडित के साथ हुई कहासुनी की रंजिश के चलते उन्होंने उसके साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने रविवार को चारों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपियों से गहनता से पूछताछ करने के साथ वारदात में प्रयुक्त डंडें बरामद करने के साथ ही उनके फरार साथी आरोपियों के ठिकानों का पता लगाकर काबू करने का प्रयास करेगी।

Comments


Leave a Reply