दोस्त ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर एएसआई की हत्या कर शव नहर में फेंका
BOL PANIPAT : पानीपत के सेक्टर 13-17 थाना में तैनात एएसआई ऋषि का शव करनाल में नहर से बरामद हुआ है। ऋषि शनिवार ड्यूटी के पश्चात अपने क्वार्टर पर चला गया था परंतु आज सुबह ड्यूटी पर नहीं पहुंचा। ड्यूटी का समय निकल जाने के बाद साथी कर्मियों ने उसके मोबाइल पर फोन किया परंतु फोन नहीं उठाया गया। जिसके चलते आज सुबह एएसआई ऋषि के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज करके उसकी तलाश की जा रही थी। शाम होते-होते करनाल पुलिस के द्वारा ऋषि का शव नहर से बरामद होने की सूचना प्राप्त हुई।
करनाल पुलिस के एसपी शशांक कुमार सावन के आधिकारिक बयान के अनुसार इस मामले में दीपक पुत्र दिलावर वासी उपली हाल फिलहाल निवासी बरसत चुंगी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है. आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि ऋषि उसका दोस्त था शनिवार रात को दोनों एक साथ पार्टी कर रहे थे।
उसके पश्चात दोनों गाड़ी से करनाल की तरफ चले गए रास्ते में उनकी कहासुनी हो गई तैश में आकर दीपक ने अपने पास रखी पिस्टल से ऋषि पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। ऋषि को पेट में 4-5 गोलियां लगी। मौके पर ऋषि की मौत हो गई इसके पश्चात आरोपी ने डर के चलते व वारदात को छुपाने की नीयत से शव को नहर में फेंक दिया और वापस पानीपत आ गया।
बताया जा रहा है कि पानीपत आने के बाद उसने सरेंडर कर दिया और उससे पिस्टल भी बरामद की गई है।
मृतक एएसआई ऋषि पिछले काफी समय से पानीपत क्षेत्र में तैनात था। पानीपत के सेक्टर 11-12, समालखा की हथवाला चौकी, मतलोड़ा चौकी व थर्मल चौकी में वह बतौर इंचार्ज कार्य कर चुका था। अभी वह सेक्टर 13-17 थाना में जांच अधिकारी के तौर पर कार्यरत था।

Comments