महिला सशक्तिकरण को बढावा देने के लिए हरियाणा सरकार देगी सुषमा स्वराज पुरस्कार: उपायुक्त
BOL PANIPAT , 18 नवंबर। आजादी के अमृत महोत्सव के तहत हरियाणा सरकार ने महिला सशक्तिकरण को बढावा देने के उद्देश्य से अंतर्राष्ट्रीय, राष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण योगदान देने वाली हरियाणवी प्रतिभाओं को सुषमा स्वराज पुरस्कार से सम्मानित करने का निर्णय लिया है। इस पुरस्कार के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों के माध्यम से भी आवेदन किए जा सकेंगे, इसके लिए 1 दिसम्बर तक आवेदन किया जा सकते हैं।
उपायुक्त सुशील सारवान ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा हरियाणा की बेटी सुषमा स्वराज के नाम से पुरस्कार शुरू किया गया है। इस पुरस्कार की विजेता को 5 लाख रूपये की राशि, शॉल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सुषमा स्वराज पुरस्कार के लिए अंतरराष्टï्रीय, राष्टï्रीय स्तर पर जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में अतुलनीय योगदान देने वाली हरियाणा की महिलाएं आवेदन कर सकेंगी।
उन्होंने बताया कि आवेदनकर्ता का जन्म हरियाणा में हो तथा उन्होंने मुख्य धारा में रहते हुए महिलाओं के उत्थान के क्षेत्र में योगदान दिया हो। आवेदनकर्ता को अपना आवेदन जिला परियोजना अधिकारी कार्यालय में जमा करवाना होगा, जो उपायुक्त की अध्यक्षता वाली जिला स्तरीय अनुशंसा समिति की चयन प्रक्रिया से होते हुए राज्य स्तरीय स्क्रीनिंग कमेटी के सामने प्रस्तुत किए जाएंगे। इसके बाद महिला एवं बाल विकास मंत्री की अध्यक्षता वाली सात सदसीय समिति आवेदनों पर विचार करते हुए योग्य उम्मीदवार का चयन करेगी।

Comments