हरियाणा बिजली वितरण निगम निर्बाध बिजली आपूर्ति देने के लिए प्रतिबद्ध : उपायुक्त
उपभोक्ता शिकायत निवारण मंच के सदस्य करेंगे 26 अप्रैल को शिकायतों की सुनवाई
BOL PANIPAT , 7 अप्रैल। उपायुक्त सुशील सारवान ने बताया कि हरियाणा बिजली वितरण निगम उपभोक्ताओं को विश्वसनीय, अच्छी वोल्टेज और निर्बाध बिजली की आपूर्ति देने के लिए प्रतिबद्ध है। विभाग द्वारा उपभोक्ताओं के पूर्ण संतुष्टि के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए अनेक महत्वाकांक्षी कार्यक्रम शुरू किये गए हैं ताकि उपभोक्ताओं की समस्याओं को त्वरित रूप में सुलझाया जा सके।
उपायुक्त ने बताया कि इसी कड़ी के अंर्तगत उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के उपभोक्ताओं की शिकायतें अपने निकटतम स्थान पर दर्ज करने और पुरानी शिकायतों की सुनवाई के लिए उपभोक्ता शिकायत निवारण मंच के सदस्य 26 अप्रैल को ऑपरेशन सिटी डिविजन पानीपत में शिकायतों की सुनवाई सुबह 11 बजे से 4 बजे तक करेंगे और नई शिकायतें भी दर्ज करेंगे। इससे उपभोक्ताओं को अपने केस की सुनवाई की सुविधा निकटतम स्थान पर उपलब्ध होगी।
उपायुक्त ने बताया कि बिलिंग, वोल्टेज, मीटरिंग से संबंधित शिकायतें, कनैक्शन काटने और जोडऩे, बिजली आपूर्ति में बाधाएं, कार्यकुशलता, सुरक्षा, विश्वसनीयता में कमी और हरियाणा बिजली विनियामक आयोग के आदेशों की अवहेलना आदि शामिल हैं। मंच द्वारा बिजली अधिनियम की धारा 126 तथा धारा 135 से 139 के अंतर्गत बिजली चोरी और बिजली के अनधिकृत उपयोग के मामलों में दंड तथा जुर्माना और धारा 161 के अन्तर्गत जांच एवं दुर्घटनाओं से संबंधित मामलों की सुनवाई नहीं की जाएगी।

Comments