आम आदमी पार्टी की हरियाणा राज्य इकाई भंग, जल्द नए सिरे से होगा गठन
BOL PANIPAT : राज्यसभा सांसद और आम आदमी पार्टी के महासचिव सुशील गुप्ता हरियाणा मामलों के प्रभारी नियुक्त किए गए हैं। इसके अलावा दिल्ली के विधायक सौरभ भारद्वाज जो पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता भी हैं , हरियाणा के चुनाव प्रभारी तथा महेंद्र चौधरी सह प्रभारी नियुक्त किए गए हैं। नवनियुक्त प्रभारी सुशील गुप्ता ने चंडीगढ़ में आज एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि पार्टी की हरियाणा इकाई को भंग कर दिया गया है अब नए सिरे से जोन वाइज संगठन का पुनर्गठन किया जाएगा ।हरियाणा का अध्यक्ष बनाया जाना भी इसी प्रक्रिया का हिस्सा है। बताया कि दिल्ली में ग्रेटर कैलाश के विधायक सौरभ भारद्वाज हरियाणा के चुनाव प्रभारी नियुक्त किए गए हैं और महेंद्र चौधरी उनके साथ सह प्रभारी के रूप में काम करेंगे। उन्होंने बताया कि पार्टी हरियाणा में जनता के उत्साह को देखते हुए नए कार्यक्रमों को अंतिम रूप देने से पहले पार्टी का पुनर्गठन किया जाएगा ।उन्होंने कहा कि पार्टी के पास 40 ऐसे बड़े नेताओं के नामों की सूची है जो आम आदमी पार्टी में शामिल होना चाहते हैं । बाद में उन्होंने बताया कि इन नामों में चौधरी बिरेंदर सिंह का नाम शामिल नहीं है। उन्होंने कहा कि इन 40 लोगों के बारे में आवश्यक जानकारियां एकत्रित की जा रही है ।उनके जीवन चरित्र को लेकर पड़ताल की जा रही है और जो पार्टी की अपेक्षाओं पर खरे उतरेंगे उन्हें ही पार्टी में शामिल किया जाएगा। उन्होंने संकेतों में बताया कि कई जिला परिषदों के चेयरमैन आम आदमी पार्टी में शामिल होने को तैयार हैं उन्हें उपयुक्त समय कि इंतजार है ।
गुप्ता तो यह भी कह गए कि कानूनी अड़चन ना हो तो कुछ मौजूदा विधायक भी आम आदमी पार्टी में शामिल हो सकते हैं।

Comments