Friday, October 16, 2026
Newspaper and Magzine


आर्य पी.जी. कॉलेज में एनएसएसइकाई द्वारा स्वास्थ्य जागरूकता रैली,स्वच्छता अभियान एवं विस्तार व्याख्यान का हुआ आयोजन

By LALIT SHARMA , in EDUCATIONAL , at October 3, 2026 Tags: , , , ,

–    एनएसएस की तीन दिवसीय गतिविधियों में गूंजा स्वास्थ्य, स्वच्छता और राष्ट्रसेवा का संदेश

BOL PANIPAT , शनिवार 3 अक्टूबर 2026  : आर्य पी.जी. कॉलेज की एनएसएस इकाई द्वारा गांधी जयंती के अवसर पर 1 से 3 अक्टूबर तक विभिन्न सामाजिक एवं जागरूकता गतिविधियों के साथ एक दिवसीय विस्तार व्याख्यान का आयोजन किया गया। तीन दिवसीय कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य जागरूकता, स्वच्छता, सामाजिक सरोकार तथा देश के महान क्रांतिकारियों के प्रति सम्मान का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के तीसरे दिन आयोजित विस्तार व्याख्यान में नारी कल्याण समिति, पानीपत की ओर से प्राइम वीडियो पर प्रसारित “शहीद करतार सिंह सराभा” की जीवनी पर आधारित वेब सीरीज में मुख्य भूमिका निभाने वाले कशिश सलूजा ने मुख्य वक्ता के रूप में शिरकत की। महाविद्यालय प्रांगण में पहुंचने पर प्राचार्य प्रो. (डॉ.) जगदीश गुप्ता एवं उपचार्या डॉ. अनुराधा सिंह ने पुष्पगुच्छ भेंट कर मुख्य वक्ता का स्वागत किया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) जगदीश गुप्ता एवं उपचार्या डॉ. अनुराधा सिंह ने एनएसएस प्रभारी डॉ. विजय सिंह एवं डॉ. सोनिया सोनी को शुभकामनाएं दीं और स्वयंसेवकों की सक्रिय भागीदारी की सराहना की।

इस अवसर पर प्राचार्य प्रो. (डॉ.) जगदीश गुप्ता ने कहा कि एनएसएस विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी, सेवा भावना और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। स्वास्थ्य जागरूकता, स्वच्छता और सामाजिक चेतना से जुड़े ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने तथा उन्हें व्यवहार में उतारने के लिए प्रेरित करते हैं।

वहीं, महाविद्यालय की उपाचार्या डॉ. अनुराधा सिंह ने कहा कि एनएसएस की ओर से आयोजित ऐसी गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। स्वास्थ्य जागरूकता, स्वच्छता और सामाजिक सेवा से जुड़े कार्यक्रम विद्यार्थियों में जिम्मेदारी, अनुशासन एवं सेवा भावना का विकास करते हैं। 

इसी क्रम में महाविद्यालय की एनएसएस इकाई के प्रभारी डॉ. विजय सिंह एवं डॉ. सोनिया सोनी ने बताया कि तीन दिवसीय कार्यक्रम की शुरुआत पहले दिन सिविल अस्पताल द्वारा आयोजित बाइक रैली के साथ हुई। रैली का मुख्य उद्देश्य समाज में एचआईवी एवं एड्स जैसी गंभीर बीमारियों के प्रति जागरूकता फैलाना तथा इनसे जुड़ी भ्रांतियों को दूर करना था। महाविद्यालय के एनएसएस स्वयंसेवकों ने रैली में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए लोगों को स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दूसरे दिन महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर उनके स्वच्छ भारत के सपने को साकार करने के उद्देश्य से एनएसएस स्वयंसेवकों द्वारा महाविद्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। स्वयंसेवकों ने सफाई अभियान में भाग लेने के साथ-साथ लोगों को स्वच्छता एवं व्यक्तिगत तथा सार्वजनिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया। अभियान के समापन पर सभी स्वयंसेवकों ने देश को स्वच्छ रखने तथा अपने आसपास स्वच्छता एवं हाइजीन बनाए रखने की सामूहिक शपथ ली।

तीसरे दिन आयोजित विस्तार व्याख्यान में मुख्य वक्ता कशिश सलूजा ने विद्यार्थियों के साथ अपनी अभिनय यात्रा के अनुभव साझा किए। उन्होंने महान क्रांतिकारी शहीद करतार सिंह सराभा के जीवन को पर्दे पर जीवंत करने के अपने अनुभवों तथा ऐतिहासिक चरित्र को निभाने के दौरान महसूस की गई जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की। उनके अनुभवों ने विद्यार्थियों को देश के स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास और महान क्रांतिकारियों के योगदान से जुड़ने तथा उनसे प्रेरणा लेने का अवसर प्रदान किया।

कार्यक्रम का सफल आयोजन प्राचार्य प्रो. (डॉ.) जगदीश गुप्ता एवं उपचार्या डॉ. अनुराधा सिंह के मार्गदर्शन तथा एनएसएस प्रभारी डॉ. विजय सिंह एवं डॉ. सोनिया सोनी के समन्वय में किया गया। एनएसएस प्रभारी द्वय ने पूरे कार्यक्रम के दौरान स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन किया और सभी गतिविधियों को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Comments


Leave a Reply