आर्य कॉलेज में शुरू हुआ स्नातक करने वाले विद्यार्थियों के लिए हेल्प डेस्क
– ज्यादातर विद्यार्थी ले रहे हैं प्रोफेशनल कोर्सेज की जानकारी : डॉ. गुप्ता
BOL PANIPAT – मंगलवार 16 मई 2023, आर्य पीजी कॉलेज में मंगलवार से हेल्प डेस्क की शुरुआत हो गई है Ι कॉलेज प्राचार्य डॉ जगदीश गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि सीबीएसई बोर्ड के बाद 15 मई को हरियाणा बोर्ड ने भी बारहवीं कक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। विद्यार्थियों के लिए परिणाम बहुत ही शानदार रहे हैं और अब विद्यार्थी देश के अलग-अलग विश्वविद्यालय और महाविद्यालयों में दाखिला लेंगे। उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों को अपने भविष्य को लेकर यह चिंता रहती है कि वह बारहवीं के बाद क्या करेंगे,किस कॉलेज या विश्वविद्यालय में एडमिशन लेंगे और एडमिशन लेने की क्या प्रक्रिया रहेगी, ऑनलाइन पंजीकरण कैसे करेंगे ऐसी कई समस्याओं को ध्यान में रखते हुए विद्यार्थियों की सहायता के लिए आर्य स्नातकोत्तर महाविद्यालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में एडमिशन एवं काउंसलिंग हेल्प डेस्क की शुरुआत की गई है। हेल्प डेस्क पर कॉलेज के प्राध्यापकों द्वारा विद्यार्थियों की हर समस्या का समाधान किया जाता है। हेल्प डेस्क सुबह 9:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक विद्यार्थियों व उनके अभिभावकों के लिए खुला रहेगा। जिसमें कॉलेज के प्राध्यापक जानकारी लेने आने वाले विद्यार्थियों को कॉलेज में चल रहे अलग-अलग कोर्स के बारे में जानकारी देंगे और यह भी बताएंगे कि किस कोर्स को करने के बाद आप अपना भविष्य किस लाइन में बना सकते हैं। प्राचार्य डॉ जगदीश गुप्ता ने बताया कि मंगलवार को लगभग 90 विद्यार्थी ऐसे आए जो यह जानना चाह रहे थे कि जो आर्य कॉलेज में कौन-कौन से प्रोफेशनल कोर्सेज हैं। और वह हमारे कैरियर विकास में कैसे हमारे लिए अच्छे साबित हो सकते हैं। डॉ. गुप्ता ने यह भी बताया कि काफी विद्यार्थी नई शिक्षा नीति के बारे में भी जानकारी ले रहे हैं। साथ ही अबकी बार विद्यार्थियों का ज्यादा रुझान पारंपरिक कोर्सेज की बजाए प्रोफेशनल कोर्सेज की तरफ ज्यादा है। अंत में प्राचार्य डॉ जगदीश गुप्ता ने यह भी जानकारी दी कि हरियाणा उच्चतर शिक्षा निदेशालय, पंचकूला द्वारा जल्द ही ऑनलाइन एडमिशन पोर्टल शुरू कर दिया जाएगा जिस पर विद्यार्थी कॉलेज में आकर भी अपना ऑनलाइन आवेदन कर सकेगें। हेल्प डेस्क के समन्वयक प्रो. पंकज चौधरी ने बताया कि अबकी बार हरियाणा सरकार व हरियाणा उच्चतर शिक्षा निदेशालय पंचकुला, का पूरा प्रयास है कि इस वर्ष हरियाणा के सभी विश्वविद्यालयों व महाविद्यालयों में नई शिक्षा नीति लागू की जाए। उन्होंने यह भी बताया कि हरियाणा उच्च शिक्षा परिषद, चंडीगढ़ के अध्यादेश के मुताबिक विद्यार्थियों के कौशल विकास के लिए शॉर्ट टर्म कोर्सेज शुरू किए जाएं व उनकी जानकारी वहीं भेजी जाए। आर्य कॉलेज तो पहले से ही टैली,डिजिटल मार्केटिंग,उद्यमिता विकास, संचार कौशल इत्यादि जैसे रोजगार परक कोर्सेज संचालित कर रहा है। इसके साथ ही आर्य कॉलेज ने भी नई शिक्षा नीति को लागू करने लिए अपनी पूरी तैयारियां कर ली है।

Comments