Friday, June 5, 2026
Newspaper and Magzine


हिंदी विभाग ने किया एक दिवसीय विस्तार व्याख्यान का सफल आयोजन.

By LALIT SHARMA , in EDUCATIONAL , at February 21, 2026 Tags: , , , ,

BOL PANIPAT – शनिवार  21 फरवरी 2026, आर्य स्नातकोत्तर महाविद्यालय पानीपत के हिंदी विभाग द्वारा संचालित हिंदी साहित्य परिषद द्वारा अंतर्राष्ट्रीय मातृभाषा दिवस के उपलक्ष्य पर अंतर्विभागीय एक दिवसीय व्याख्यान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह व्याख्यान राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुसार बी.ए.तृतीय वर्ष के षष्ठम सत्र में वी.ओ.सी. पाठ्यक्रम के अंतर्गत ‘हिंदी पत्रकारिता’ विषय पर आधारित रहा। एक दिवसीय व्याख्यान का उद्देश्य छात्र- छात्राओं को हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्षों की यात्रा, पत्रकारिता के ऐतिहासिक महत्व एवं वर्तमान की चुनौतियों से अवगत करवाना रहा। व्याख्यान कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में महाविद्यालय से जनसंचार विभाग के विभागाध्यक्ष एवं सहायक प्राध्यापक, डॉ. दिनेश ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। महाविद्यालय के प्राचार्य एवं हिंदी साहित्य परिषद के संरक्षक प्रो.(डॉ.) जगदीश गुप्ता ने परिषद की गतिविधियों के प्रति आशावादी दृष्टिकोण रखते हुए, परिषद को साहित्यिक एवं रचनात्मक समझ विकसित करने का सशक्त मंच बताया। उन्होंने अपने संबोधन में बताया कि पत्रकारिता एक महत्वपूर्ण विधा है, भारत में हिंदी भाषा का प्रथम समाचार पत्र 30 मई 1826 को ‘उदंत मार्तंड’ प्रकाशित हुआ। इस प्रथम समाचार पत्र के आधार पर इस वर्ष 30 मई को हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूर्ण हो रहे हैं। हिंदी पत्रकारिता एवं हम सभी के लिए यह अत्यंत गर्व का विषय है।
मुख्य वक्ता के रूप में डॉ. दिनेश ने अपने व्याख्यान में विद्यार्थियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि पत्रकारिता एक संचार व्यवस्था है जिसमें समाचार पत्र, रेडियो, टेलिविजन, डिजिटल मीडिया सहित कई अंतर्राष्ट्रीय न्यूज़ एजेंसियां भी सम्मिलित हैं। उन्होंने पत्रकारिता के इतिहास से लेकर वर्तमान स्थिति की सम्पूर्ण जानकारी विद्यार्थियों के समक्ष प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि प्रथम समाचार पत्र ‘बंगाल गजट’ अंग्रेज पत्रकार जेम्स हिक्की द्वारा 29 जनवरी 1780 में प्रकाशित किया गया। पत्रकारिता के स्तम्भ गणेश शंकर विद्यार्थी और माखनलाल चतुर्वेदी के उदाहरणों से पत्रकारिता के महत्व पर प्रकाश डाला। वर्तमान समय में पत्रकारिता को लेकर समस्याओं और चुनौतियों के विषय में भी विद्यार्थियों को गहन रूप से जानकारी दी। वहीं, हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्षों की यात्रा से रूबरू कराते हुए, स्वस्थ लोकतंत्र की बुनियाद के रूप में पत्रकारिता को बहुत जिम्मेदारी का कार्य बताया। हिंदी साहित्य परिषद के संयोजक प्रा. विजय सिंह ने डॉ. दिनेश का आभार व्यक्त करते हुए एवं हिंदी विभाग की ओर से सादर भेंट प्रदान की। मंच संचालन डॉ. शालिनी ने किया।  कार्यक्रम में प्रा. कविता, प्रा. गोपाल एवं हिंदी साहित्य परिषद के सभी विद्यार्थी सदस्य उपस्थित रहे।

Comments