होमगार्ड के जवान ने महिला पर किया दराती से हमला
BOL PANIPAT : कृष्णपुरा क्षेत्र में एक होमगार्ड ने पड़ोस की रहने वाली महिला पर धारदार दराती से हमला कर दिया।बताया जा रहा है कि आरोपी ने एक अन्य पड़ोसी का पक्ष लेते हुए अपनी वर्दी की धौंस जमाई थी। आरोप है कि उसने महिला व उसके परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी। महिला ने इसकी शिकायत पुलिस को दी।
शिकायतकर्ता कलाशो शर्मा ने बताया कि वह कच्ची फाटक पानीपत की रहने वाली है। 3 जुलाई की रात करीब 8 बजे वह अपने घर के मुख्यद्वार पर खड़ी थी। इसी दौरान वहां पड़ोसी रिंकू शराब पीकर आया। वह नशे में गाली-गलौज करने लगा। उसने कलाशों के पति अशोक शर्मा को भी गाली गलौज करनी शुरु की। बाद में रिंकू गली गलौच करते हुए वहां से चला गया। कुछ देर बाद कलाशो ने रिंकू के छोटे भाई अजय को कहा कि रिंकू की यह अच्छी बात नहीं है। वहां पर हरियाणा पुलिस का होमगार्ड सुनील भी बैठा था। जिसने कलाशो को कहा कि फिर क्या हुआ अगर गाली दे दी। साथ ही उसने महिला को उसके पति के बारे में अपशब्द भी कहे। कलाशो ने फोन कर अपने तीनों बेटे अमित, राकेश व सागर को सब्जी मंडी से घर बुला लिया।
कलाशो ने उन्हें पूरी बात बताई। इसी दौरान होमगार्ड ने भी फोन कर करीब 7 लोगों को वहां बुला लिया। अमित और सागर ने पूछा कि उनके पिता को गाली किसने दी। इसी बात पर होमगार्ड सुनील ने अपने हाथ में ली हुई दराती कलाशो के बाए हाथ पर मारी, जिससे उसकी हथेली कट गई। पड़ोसी शिवकुमार ने बीच-बचाव किया। आरोपी वहां से उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। मामले की शिकायत सेक्टर 29 थाना पुलिस को दी गयी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी होमगार्ड समेत 8 लोगों के खिलाफ आईपीसी की धारा 148, 149, 323, 324 व 506 के तहत केस दर्ज कर मामले की आगामी कार्रवाई शुरु कर दी है।

Comments