सेक्टर 25 व 29 में एचएसआईआईडीसी की बड़ी कार्रवाई. सड़क किनारे से धड़ाधड़ हटे अतिक्रमण.
-पुलिस बल के साथ उतरा अमला, घुमंतू परिवार की झुग्गियां भी हटवाईं
BOL PANIPAT, 18 नवंबर। एचएसआईआईडीसी ने जोरदार कार्रवाई करते हुए मंगलवार को सेक्टर 25 पार्ट-1, पार्ट-2 तथा सेक्टर 29 पार्ट-1 और पार्ट-2 में अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए सडक़ किनारे किए गए अवैध अतिक्रमण को हटवाया। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में हुई इस पर कार्रवाई की गई।
अभियान का नेतृत्व ड्यूटी मैजिस्ट्रेट जिला समाज कल्याण अधिकारी जयपान सिंह, एचएसआईआईडीसी से एसडीओ कुश, जेई संदीप चौहान और जेई मोहित शर्मा ने किया। टीम के साथ मौके पर 20 से अधिक पुलिसकर्मी भी तैनात रहे।
कार्रवाई की शुरुआत रिसालू रोड से हुई, जहां सडक़ पर फैलाए गए सामान और अवैध अतिक्रमण को हटाया गया। इसके बाद टीम सेक्टर 29 पार्ट-2 और फिर सेक्टर 25 पार्ट-1 व पार्ट-2 पहुंची। यहां भी दुकानदारों और अस्थायी कब्जाधारकों द्वारा सडक़ पर फैलाए गए सामान को हटाया गया।
टीम ने आगे फ्लोरा चौक क्षेत्र में अभियान चलाया, जहां घुमंतू परिवारों द्वारा लगाए गए अस्थायी झुग्गी ढांचे को भी हटाया गया। अधिकारियों ने संबंधित परिवारों को स्पष्ट निर्देश दिए कि दोबारा झुग्गी डालने की कोशिश न करें।
विदित रहे कि यह अभियान क्षेत्र में सुचारू यातायात और सार्वजनिक मार्गों को मुक्त कराने के उद्देश्य से चलाया गया है और प्रशासन द्वारा अतिक्रमण के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

Comments