पानीपत में एसडी कालेज रोड हैंडलूम मार्केट में भरने वाले पानी का समाधान नहीं हुआ तो सडक़ पर उतरेगे व्यापारी: राकेश चुघ
-एसडी कालेज रोड पर भरने वाले पानी की हैंडलूम व्यापारियों की समाधान की मांग
BOL PANIPAT , 9 जुलाई। पानीपत शहर में एसडी कालेज रोड पर पिछले कई सालों से हर बार बारिश के मौसम में निरंतर पानी भरता है और सरकार व नगर निगम प्रशासन द्वारा आज तक भी इस समस्या का समाधान नहीं किया गया। एसडी कालेज रोड पर बारिश के अलावा नाला रूक कर भी कई बार पानी भर जाता है। इस एसडी कालेज रोड हैंडलूम मार्केट में शनिवार व रविवार को हुई बारिश से कई फीट पानी भर गया। जिससे स्थानीय हैंडलूम दुकानदारों व शोरूम संचालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बता दे कि इस रोड पर एसडी कालेज रोड मार्केट, गुरूनानक मार्केट, अमर भवन चौक मार्केट व न्यू हैंडलूम मार्केट है और इन मार्केटों में 500 से भी ज्यादा हैंडलूम की दुकानें व शोरूम है। इन्हीं मार्केटों में हैंडलूम के उत्पाद खरीदने के लिये पानीपत व हरियाणा प्रदेश ही नहीं बल्कि पूरे देश से काफी संख्या में ग्राहक और हैंडलूम व्यापारी माल खरीदने के लिये आते है। वहीं रविवार को हरियाणा व्यापार मंडल के जिला प्रधान एवं हैंडलूम व्यापारी राकेश चुघ, एसडी कालेज रोड मार्किट प्रधान सुखदेव कालड़ा, प्रधान हरजिंद्र रिंकू, सचिव तरूण नागपाल व हैंडलूम व्यापारी किशोर संदुजा व श्याम बरेजा आदि ने बताया कि इस रोड पर भरने वाले पानी का आज तक भी कोई समाधान नहीं किया गया है। जबकि इन हैंडलूम मार्केटों से हर वर्ष करीब एक हजार करोड रूपए का राजस्व सरकार को दिया जाता है। उन्होंने कहा कि नगर निगम प्रशासन को इस समस्या का स्थाई तौर पर समाधान किया जाये नहीं तो सभी हैंडलूम व्यापारी सडक़ पर उतरने को मजबूर होगे।

Comments