सांसद संजय भाटिया ने करनाल रेलवे स्टेशन को जंक्शन बनाए जाने की मांग
BOL PANIPAT -करनाल के बीच से टोल टैक्स हटवाने के आवाज़ उठाने के बाद करनाल सांसद संजय भाटिया ने संसद के #BudgetSession2022 के शून्य काल में उठाया करनाल स्टेशन को जंक्शन बनाने तथा करनाल से यमुनानगर के बीच 65 किलोमीटर लंबी रेलमार्ग परियोजना को शीघ्र पूरा करने का मुद्दा।
करनाल रेलवे स्टेशन को जंक्शन बनाए जाने की मांग
करनाल स्थित रेलवे स्टेशन टेशन दिल्ली-चंडीगढ़ रेलमार्ग पर हरियाणा के लगभग मध्य में स्थित है। ऐतिहासिक दृष्टि से कहा जाए तो वर्ष 1892 में ईस्ट इंडिया रेलवे द्वारा यह स्टेशन बनवाया गया था। किन्तु, यह भी सच है कि ऐतिहासिक महत्व की श्रेणी वाले इस 130 वर्ष पुराने स्टेशन को एक राष्ट्रीय धरोहर का दर्जा तो दिया गया, लेकिन आज तक इसे रेलवे जंक्शन का दर्जा प्रदान नहीं किया गया है ।
वर्तमान में, करनाल रेलवे स्टेशन से लगभग 124 रेलगाड़ियों का आवागमन होता है। इनमें जनशताब्दी से लेकर पैसेंजर व मालगाड़ी शामिल हैं। लेकिन इनमें से आधी से ज्यादा ट्रेनें स्टेशन पर नहीं रुकती हैं। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, करनाल स्टेशन पर केवल 58 गाड़ियां रुकती हैं, जबकि 66 ट्रेनें नहीं रुकती। हालांकि, पिछले कई वर्षों से स्थानीय यात्री व नगरवासी ट्रेनों को रुकवाने की मांग करते हुए राज्य के मुख्यमंत्री से लेकर सांसद तक हर किसी को पत्र लिखते रहे हैं । इसके बावजूद, उनकी मांग पर अभी तक कोई सकारात्मक कार्यवाही नहीं हुई है । करनाल स्टेशन पर ज्यादातर ट्रेनों का स्टॉपेज नहीं होने के कारण, अधिकांश यात्रियों को लंबी दूरी की ट्रेन पकड़ने के लिए कुरुक्षेत्र, पानीपत, सोनीपत व अंबाला के ट्रेन जंक्शन जाना पड़ता है । यात्री सरकार से और अधिक ट्रेनों के ठहराव की मांग लगातार करते आ रहे हैं। साथ ही वे 130 साल पुराने इस स्टेशन को जंक्शन का दर्जा दिलाने की मांग कर रहे हैं ।
इसके साथ ही रेल संपर्क को बेहतर बनाने हेतु करनाल से यमुनानगर के बीच 65 किलोमीटर लंबी एक रेलमार्ग परियोजना को मंजूरी दे दी गई है और यह परियोजना आगामी 3-4 वर्षों में पूरी हो जाएगी । करनाल से आना जाना करने वाले हजारों यात्रियों की समस्याओं का समाधान करने के लिए अतिरिक्त रेलगाड़ियों का ठहराव निश्चित किया जाए और प्राथमिकता के आधार पर करनाल स्टेशन को आधुनिक यात्री सुविधाओं से सुसज्जित करते हुए इसे जंक्शन का दर्जा भी प्रदान किया जाए ।

Comments