रंगदारी और संगठित अपराध पर होगी तत्वरित व कड़ी कार्रवाई, सेक्टर-6 स्थित पुलिस भवन में एंटी एक्सटॉर्शन सेल का शुभारंभ, पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने रिबन काटकर किया उद्घाटन
BOL PANIPAT , 25 जुलाई: पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस के नेतृत्व में जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा संगठित अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से सेक्टर-6 स्थित पुलिस भवन में एंटी एक्सटॉर्शन सेल (स्पेशल स्टाफ) की स्थापना की गई। शनिवार को पुलिस अधीक्षक श्री भूपेंद्र सिंह आईपीएस द्वारा विधिवत रिबन काटकर सेल का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर डीएसपी नरेंद्र कुमार, मुकेश कुमार तथा विभिन्न थानों के प्रबंधक, क्राइम युनिट प्रभारी व अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहें।

पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने इस अवसर पर संबोधित करते हुए कहा कि आमजन की सुरक्षा और कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाना पानीपत पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। एंटी एक्सटॉर्शन सेल रंगदारी, फिरौती, धमकी, संगठित अपराध तथा अपराधियों द्वारा फोन, सोशल मीडिया अथवा अन्य माध्यमों से की जाने वाली अवैध वसूली संबंधी शिकायतों पर विशेष रूप से कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि इस सेल के माध्यम से ऐसे मामलों की त्वरित, निष्पक्ष एवं तकनीकी आधार पर जांच सुनिश्चित की जाएगी और दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने इस दौरान एंटी एक्सटॉर्शन सेल इंचार्ज सब इंस्पेक्टर अनिल पवार व उनकी टीम को बेहकर कार्य करने के लिए प्रेरित कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पीड़ित को शीघ्र राहत प्रदान की जाए तथा संगठित अपराध में संलिप्त तत्वों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई कर उन्हें कानून के शिकंजे में लाया जाए। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक, साइबर विश्लेषण एवं खुफिया तंत्र का प्रभावी उपयोग कर अपराधियों की गतिविधियों पर सतत निगरानी रखी जाएगी।
पुलिस अधीक्षक ने आम नागरिकों से भी अपील करते हुए कहा कि यदि किसी व्यक्ति को रंगदारी, धमकी, फिरौती या जबरन वसूली से संबंधित कोई कॉल, संदेश अथवा अन्य माध्यम से धमकी प्राप्त होती है तो वह बिना किसी भय के तत्काल पानीपत पुलिस अथवा एंटी एक्सटॉर्शन सेल से संपर्क करें। प्रत्येक शिकायत पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
पानीपत पुलिस का उद्देश्य नागरिकों को सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना है। एंटी एक्सटॉर्शन सेल की स्थापना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं प्रभावी कदम है, जिससे संगठित अपराध पर अंकुश लगाने और आमजन का पुलिस पर विश्वास और अधिक मजबूत होगा।

Comments