Thursday, April 16, 2026
Newspaper and Magzine


साजिश रच बुजुर्ग को झांसे में लेकर 17 लाख 90 हजार रूपये की ठगी करने मामले में दूसरे आरोपी को जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाकर पुलिस ने की पूछताछ. 60 हजार रूपये बरामद.

By LALIT SHARMA , in Uncategorized , at October 10, 2024

BOL PANIPAT : 10 अक्तूबर 2024, नांगलखेड़ी गांव निवासी एक बुजुर्ग किसान को झांसे में लेकर 17 लाख 90 हजार रूपये की ठगी करने मामले में दूसरे आरोपी सोनू उर्फ भोलर निवासी नांगलखेड़ी को सीआईए टू पुलिस टीम ने बुधवार को जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर पूछताछ करने व ठगी गई नगदी बरामद करने के लिए आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर हासिल किया। आरोपी सोनू उर्फ भोलर आर्म्स एक्ट के अन्य मामले में पानीपत जेल में बंद था।

सीआईए टू प्रभारी सब इंस्पेक्टर संदीप ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने मामले में पहले पकड़े जा चुके गांव निवासी अपने साथी आरोपी अमन के साथ मिलकर ठगी की उक्त वारदात को अंजाम देने बारे स्वीकारा। आरोपी ने पूछताछ में पुलिस को बताया बुजुर्ग किसान से ठगी गई नगदी में से उसके हिस्से में 8 लाख 90 हजार रूपये आए थे। आरोपी ने ज्यादातर पैसे खर्च कर दिए। पुलिस ने आरोपी सोनू उर्फ भोलर के कब्जे से बचे 60 हजार रूपये बरामद कर वीरवार को रिमांड अवधी पूरी होने पर आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से उसे न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया।
मामले में पहले पकड़े गए आरोपी अमन के कब्जे से 90 हजार रूपये बरामद कर आरोपी को जेल भेजा जा चुका है।

यह है मामला

थाना औद्योगिक सेक्टर 29 में नांगलखेड़ी गांव निवासी एक बुजुर्ग ने जून 2023 में पुलिस को शिकायत देकर बताया था कि वह खेतीबाड़ी का काम करता है। कुछ दिन पहले गांव निवासी अमन व भोलर उसके पास आकर लड़की भेजने की बात कहने लगे। वह दोनों के झांसे में आ गया और इसके लिए हां कर दी। इसके कुछ दिन बाद अमन व भोलर दो लड़कियों को लेकर उसके पास आए और 50 हजार रूपये ले गए। दोनों लड़कियों के नाम व मोबाइल नंबर उसके फोन में सेव कर दिए और कहने लगे जब भी इनसे बात करनी हो फोन कर लेना। दोनों आरोपियों ने ठगी करने के लिए अपने मोबाइल नंबर लड़कियों के नाम से सेव कर दिये। उसने उक्त नंबरो पर बात करनी शुरू कर दी। आरोपी लड़की की आवाज में बात कर कहते की अमन आएगा, मोलड़ आएगा इनको पैसे दे देना। इस प्रकार आरोपी उससे 14 जून 2023 से 30 जून 2023 के बीच 17 लाख 90 हजार रूपये ले गए। आरोपियों ने साजिश रचकर धोखाधड़ी करते हुए उससे उक्त नगदी की ठगी कर ली। थाना औद्योगिक सेक्टर 29 में बुजुर्ग की शिकायत पर अभियोग पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी थी।

Comments