Wednesday, October 7, 2026
Newspaper and Magzine


विकसित राष्ट्र के लक्ष्य की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा भारत: शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at October 7, 2026 Tags: , , , ,

सेवा संकल्प अभियान के तहत विकसित भारत संकल्प सभा और सेवा ज्योति यात्रा

सेवा संकल्प अभियान में दिखा देशभक्ति और सेवा का जोश

विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का लिया संकल्प

सेवा ज्योति यात्रा में उमड़ा जनसैलाब, भारत माता और वंदे मातरम के नारों से गूंजा शहर

BOL PANIPAT , 7 अक्टूबर। सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को जिला सचिवालय परिसर में विकसित भारत संकल्प सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रदेश के स्कूल एवं उच्च शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लाइव संबोधन सुना। कार्यक्रम में पहुंचने पर उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा का बुके भेंट कर स्वागत किया।

  संकल्प सभा को संबोधित करते हुए शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने कहा कि भारत आज अपनी सामथ्र्य और क्षमता के बल पर दुनिया में नई पहचान बनाने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है। देश को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प केवल सरकार का नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का संकल्प है। इसी भावना के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में विकास कार्यों को गति दी जा रही है और सेवा, सुशासन तथा जनभागीदारी को विकास की आधारशिला बनाया गया है।

    शिक्षा मंत्री ने कहा कि आज का भारत आत्मविश्वास के साथ अपने भविष्य का निर्माण कर रहा है। किसान, युवा, विद्यार्थी, महिलाएं, श्रमिक और देश का प्रत्येक नागरिक भारत की प्रगति में अपनी भूमिका निभा रहा है। अगले 25 वर्षों के संकल्प को केंद्र में रखते हुए हमने मिलकर ऐसा भारत बनाना है, जो आर्थिक रूप से मजबूत, तकनीकी रूप से सक्षम, आत्मनिर्भर और विश्व के लिए मार्गदर्शक बने।

    मंत्री ने कहा कि जिस गति और व्यापकता के साथ देश में विकास कार्य हो रहे हैं, उससे विकसित भारत के लक्ष्य को निर्धारित समय से पहले हासिल करने की दिशा में मजबूत आधार तैयार हो रहा है।

    शिक्षा मंत्री ने कहा कि राष्ट्र निर्माण केवल योजनाओं और परियोजनाओं से नहीं होता, बल्कि जब समाज का प्रत्येक व्यक्ति देशहित को सर्वोपरि मानकर अपनी जिम्मेदारी निभाता है, तभी विकसित राष्ट्र का सपना साकार होता है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा, कौशल, नवाचार और राष्ट्रसेवा के माध्यम से देश की प्रगति में योगदान देने का आह्वान किया।

    इस अवसर पर सेवा ज्योति यात्रा का भी भव्य आयोजन किया गया। भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारों के बीच जिला सचिवालय परिसर से शुरू हुई यात्रा में शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा, शहरी विधायक प्रमोद विज, समालखा विधायक मनमोहन भड़ाना, भाजपा जिला प्रभारी ललित बत्रा, भाजपा नेता हरपाल ढांडा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और आमजन शामिल हुए। यात्रा के दौरान लोगों में देशभक्ति और सेवा भावना का उत्साह देखते ही बन रहा था। यात्रा लाल बत्ती चौक से होते हुए नगर पालिका के सामने से गुजरती हुई रेलवे स्टेशन मार्ग पर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में आम लोगों में यात्रा को लेकर भरपूर जोश नजर आया।

  इस मौके पर मेयर कोमल सैनी, जिला परिषद की चेयरपर्सन ज्योति शर्मा,निगम आयुक्त डॉ. पंकज यादव, पुलिस अधीक्षक मेधा भूषण, भाजपा जिला अध्यक्ष दुष्यंत भट्ट, एसडीएम मनदीप कुमार, एसडीएम समालखा अमित कुमार, डीडीपीओ राजेश शर्मा,मार्केट कमेटी चेयरमैन अवतार शास्त्री, पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार के पुत्र अनिल पंवार, निगम पार्षद अशोक कटारिया,संजीव दहिया, सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Comments


Leave a Reply