Thursday, April 30, 2026
Newspaper and Magzine


छात्रों को बीमा उद्योग के बढ़ते अवसरों और संभावनाओं के बारे में जानकारी दी.

By LALIT SHARMA , in EDUCATIONAL , at February 8, 2025 Tags: , , , , ,

BOL PANIPAT : आई.बी.(पी.जी.) कॉलेज, पानीपत के प्लेसमेंट एवं करियर गाइडेंस प्रकोष्ठ द्वारा “बीमा क्षेत्र में करियर अवसर” विषय पर एक विशेषज्ञ वार्ता का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम मेधा फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित किया गया, जिसमें छात्रों को बीमा उद्योग के बढ़ते अवसरों और संभावनाओं के बारे में जानकारी दी गई। कार्यक्रम का प्रारम्भ मुख्य वक्ता  सुरेंद्र शर्मा को पौधा भेंट करके किया गया। कार्यक्रम में अतिथि रूप में शर्मिला उपस्थित रहीं।  सुरेंद्र  शर्मा रिलायंस निप्पॉन लाइफ इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड में क्षेत्र प्रबंधक  के पद पर कार्यरत हैं । उन्होंने छात्रों को बीमा उद्योग के विभिन्न पहलुओं, आवश्यक कौशल, जॉब रोल्स, संभावित करियर ग्रोथ और नवीनतम रुझानों की जानकारी दी। प्राचार्या डॉ. शशि प्रभा मलिक ने कहा कि बेरोजगारी आधुनिक समय की ज्वलंत समस्या है, जिसके निवारण हेतु व छात्रों के उज्ज्वल भविष्य हेतु इस प्रकार के करियर मार्गदर्शन सत्र बहुत महत्वपूर्ण हैं। बीमा उद्योग में संभावनाओं की कोई कमी नहीं है, बल्कि सही जानकारी और दिशा-निर्देश की आवश्यकता है । संयोजक डॉ. अर्पणा गर्ग ने कहा हमारा प्रयास है कि छात्रों को उद्योग जगत के विशेषज्ञों से सीधे जुड़ने का अवसर मिले, जिससे वे अपने करियर को लेकर सही निर्णय ले सकें । मुख्य वक्ता श्री सुरेंद्र शर्मा ने बड़े सरल व सुरुचिपूर्ण ढंग से अपने जीवन के अनुभवों  को बताते हुए अपना वक्तव्य प्रारम्भ किया, उन्होंने कहा कि  बीमा उद्योग में अपार संभावनाएं हैं। सही योग्यता और कौशल के साथ युवा इस क्षेत्र में बेहतरीन करियर बना सकते हैं। यह कार्यक्रम कॉलेज के भूतल स्थित सेमिनार हॉल में आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया। उपस्थित छात्रों ने बीमा उद्योग से जुड़े अपने प्रश्न पूछे और विशेषज्ञ से मार्गदर्शन प्राप्त किया । कार्यक्रम में मंच संचालन डॉ. अंजलि ने किया एवं डॉ. पूनम गुप्ता ने आयोजन की व्यवस्थाओं को सफलतापूर्वक संभाला । यह सत्र उन छात्रों के लिए विशेष रूप से उपयोगी रहा जो वित्त, जोखिम प्रबंधन, बिक्री और ग्राहक संबंधों में रुचि रखते हैं। इस सत्र के माध्यम से विद्यार्थियों को बीमा क्षेत्र में करियर के अनंत अवसरों की व्यापक जानकारी प्राप्त हुई।मुख्य वक्ता को स्मृति चिन्ह भेंट किया गया व कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ ।कार्यक्रम में डॉ नेहा पुनिया, डॉ पूजा मलिक व डॉ रेखा मलिक उपस्थित रहीं।

Comments