शिकायतों का समय पर और गुणवत्तापूर्ण समाधान करना सभी अधिकारियों की जिम्मेदारी: नगराधीश टीनू पोसवाल
सीएम विंडो की शिकायतों का तत्काल समाधान करें अधिकारी: मुख्यमंत्री ओएसडी राकेश संधु
BOL PANIPAT , 14 अगस्त। मुख्यमंत्री के ओएसडी ने शुक्रवार को सीएम विंडो की प्रगति और लंबित शिकायतों को लेकर प्रदेशभर के उपायुक्तों तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की। उन्होंने अधिकारियों को सीएम विंडो से संबंधित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निपटारा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान मुख्यमंत्री के ओएसडी ने सीएम विंडो की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि प्रत्येक माह कम से कम एक बार सीएम विंडो के एमिनेंट पर्सन के साथ अधिकारियों को बैठक करनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से शिकायतों के निपटारे की स्थिति और लंबित मामलों की जानकारी भी ली तथा समयबद्ध तरीके से शिकायतों का समाधान करने के निर्देश दिए।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के बाद नगराधीश टीनू पोसवाल ने जिला स्तर के विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे सीएम विंडो से जुड़ी शिकायतों को गंभीरता से लें और अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए उनका तत्काल समाधान सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि आमजन की शिकायतों के निवारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। नगराधीश ने अधिकारियों से कहा कि सीएम विंडो सरकार और आमजन के बीच संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसलिए शिकायतों का समय पर और गुणवत्तापूर्ण समाधान करना सभी अधिकारियों की जिम्मेदारी है।
उन्होंने लंबित शिकायतों की नियमित समीक्षा करने तथा आवश्यक कार्रवाई की रिपोर्ट समय पर उपलब्ध करवाने के निर्देश भी दिए। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Comments