जनता समाधान शिविर बना उम्मीद का केंद्र, 18 शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश
-प्रशासन की प्राथमिकता: तय समय सीमा में हर समस्या का समाधान सुनिश्चित
BOL PANIPAT , 19 मार्च। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के मार्गदर्शन और उपायुक्त डॉ. वीरेन्द्र कुमार दहिया के निर्देशानुसार जिला सचिवालय सभागार में आयोजित जनता समाधान शिविर आमजन के लिए विश्वास और उम्मीद का सशक्त माध्यम बनकर उभर रहा है।
गुरुवार को आयोजित शिविर में निगम के संयुक्त आयुक्त डॉ. संजय ने शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि यह शिविर केवल शिकायत दर्ज करने का मंच नहीं, बल्कि त्वरित समाधान देने की प्रशासनिक प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि हर शिकायत का निर्धारित समय सीमा में निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर पुलिस उप अधीक्षक सतीश वत्स ने कहा कि पुलिस विभाग से संबंधित हर शिकायत को प्राथमिकता के आधार पर लिया जा रहा है। उन्होंने दोहराया कि आमजन की सुरक्षा पुलिस विभाग की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।
शिविर में कुल 18 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें फैमिली आईडी में आय संशोधन, पेंशन, राशन कार्ड तथा पुलिस विभाग से जुड़े मामले प्रमुख रूप से शामिल रहे। संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी और शिकायतकर्ता उपस्थित रहे।

Comments