जनता समाधान शिविर किसी भी रूप में औपचारिकता नहीं: निगम संयुक्त आयुक्त डॉ संजय
-समाधान शिविर में 21 फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे
-जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता: सतीश वत्स
-शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें अधिकारी: डीडीपीओ राजेश शर्मा
BOL PANIPAT , 19 जनवरी। हरियाणा सरकार द्वारा जिला एवं उपमंडल स्तर पर नियमित रूप से आयोजित किए जा रहे जनता समाधान शिविर आमजन के लिए राहत का सशक्त मंच बनकर उभर रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से जहां लोगों को अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के समक्ष रखने का अवसर मिल रहा है, वहीं शिकायतों के मौके पर समाधान और ठोस कार्रवाई से जनता का प्रशासन पर विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है।
सोमवार को जिला सचिवालय सभागार में आयोजित जनता समाधान शिविर में 21 फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। निगम संयुक्त आयुक्त डॉ संजय ने अधिकारियों के साथ शिविर में लोगों की शिकायतें सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। शिविर के दौरान प्रशासनिक गंभीरता और संवेदनशीलता साफ तौर पर देखने को मिली। शिविर में प्राप्त शिकायतों में सबसे अधिक मामले फैमिली आईडी में आय कम करवाने, पेंशन, राशन कार्ड, बिजली, नगर निगम, पुलिस विभाग से संबंधित रहे। कई मामलों में फरियादियों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि शेष शिकायतों को निर्धारित समय सीमा के भीतर निस्तारित करने के निर्देश दिए गए।
निगम संयुक्त आयुक्त डॉ संजय ने कहा कि जनता समाधान शिविर किसी भी रूप में औपचारिकता नहीं हैं। ये शिविर प्रशासन और जनता के बीच विश्वास की मजबूत कड़ी हैं। समस्या को गंभीरता से सुनना और उसका समाधान करना उसकी नैतिक और प्रशासनिक जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों का समाधान जमीन पर दिखाई देना चाहिए। जिन मामलों में जानबूझकर देरी या लापरवाही सामने आएगी, वहां संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी।
पुलिस उप अधीक्षक सतीश वत्स सिंह ने शिविर में मौजूद फरियादियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुलिस से संबंधित हर शिकायत पर त्वरित, निष्पक्ष और कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जनता समाधान शिविर पुलिस और आमजन के बीच संवाद का सशक्त माध्यम हैं, जिससे पुलिस व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी बनाया जा रहा है।
डीडीपीओ राजेश शर्मा ने कहा कि जनता समाधान शिविरों में प्राप्त हर शिकायत को गंभीरता से लिया जा रहा है। प्रशासन का प्रयास है कि किसी भी फरियादी को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। प्रार्थी चंद्र किवाना ने प्रशासन से बुढ़ापा पेंशन शुरू करवाने का अनुरोध किया। प्रार्थी सेक्टर 18 निवासी राजकुमार, प्रिंस, विक्रम ने प्रशासन से प्लाट में भरे पानी की समस्या का निदान करवाने का अनुरोध किया। प्रार्थी यशपाल ने सचिवालय में कैंटीन बनवाने का अनुरोध किया। इसके अलावा कई शिकायतें फैमिली आईडी में इनकम कम करवाने, पेंशन बनवाने से संबंधित भी प्राप्त हुई। इस मौके पर सीएमजीजीए अदिति, डिप्टी सीएमओ दिव्या साहनी, सहायक कृषि अभियंता सुधीर, कंप्लेंड अधिकारी संजीव शर्मा, जोगिंदर, रमेश के अलावा विभिन्न विभागों से अधिकारी मौजूद रहे।

Comments