पत्रकारिता के साथ नैतिक जिम्मेदारी निभाने पर पत्रकार संदीप शर्मा सम्मानित
BOL PANIPAT, 11 मार्च: पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने पत्रकारिता के साथ नैतिक जिम्मेदारी निभाने पर पत्रकार संदीप शर्मा को बुधवार को अपने कार्यालय में प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया।
पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने बताया कि बराना गांव में सोमवार को 6 वर्षीय बच्चे शिवम उर्फ गोविंद की सड़क हादसे में मौत के बाद आक्रोशित भीड़ ने ट्रैक्टर चालक के साथ मारपीट कर दी थी। सीटी तहलका के पत्रकार संदीप शर्मा मौके पर मामले की कवरेज कर रहे थे। कवरेज करते हुए संदीप शर्मा आक्रोशित भीड़ से अपील भी कर रहे थे कि वे कानून को अपने हाथ में ना ले। उन्होंने लोगों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस और गांव की महिला सरपंच व उसके पति ने चालक को ग्रामीणों से छुड़ाकर नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया और गांव शांति व्यवस्था कायम की। शाति व्यवस्था कायम करने में पत्रकार संदीप शर्मा ने भी पत्रकारिता के साथ अपनी नैतिक जिम्मेदारी निभाई।
पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने कहा कि पत्रकार संदीप शर्मा ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस की मदद की, वह काबिले तारीफ है। उन्होंने संदीप के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए अन्य लोगों के लिए इसे एक प्रेरणा बताया।
पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने कहा कि पत्रकारिता को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ माना जाता है। पत्रकारिता के साथ अपनी नैतिक जिम्मेदारी भी निभाए, इससे बड़ी से बड़ी अनहोनी को टाला जा सकता है।
इस मौके पर एसपी रीडर एसआई सुभाष, पीआरओ अनिल कुमार व काफी संख्या में पत्रकार एवं छायाकार बंधू मौजूद रहे।

Comments