संसाधनों की कमी नहीं बनेगी पढ़ाई में बाधा, हर प्रतिभा को मिलेगा अवसर: उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ
बेटियों की उड़ान को मिले नए पंख, प्रशासन ने बढ़ाया शिक्षा का हाथ: सांसद प्रतिनिधि गजेंद्र सलूजा
साक्षी के सपनों को मिली रफ्तार, साइकिल भेंट कर बढ़ाया हौसला
शिक्षा के अधिकार को मजबूत करने की दिशा में प्रशासन की संवेदनशील पहल
BOL PANIPAT , 1 जुलाई। जिला सचिवालय परिसर में बुधवार को केंद्रीय विद्युत, आवास एवं शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल के स्थानीय प्रतिनिधि गजेंद्र सलूजा तथा उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने जिले के गांव बराना की छात्रा साक्षी को साइकिल भेंट कर उसका उत्साहवर्धन किया। साक्षी संसाधनों के अभाव में पड़ोसी गांव जाकर अपनी पढ़ाई जारी रखने में कठिनाइयों का सामना कर रही थी। साइकिल मिलने पर साक्षी ने प्रशासन और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब उसके आगे पढऩे का सपना साकार होगा और वह बिना किसी परेशानी के नियमित रूप से विद्यालय जा सकेगी।
उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि शिक्षा प्रत्येक बच्चे का अधिकार है और आर्थिक या संसाधनों की कमी किसी भी प्रतिभाशाली विद्यार्थी के भविष्य में बाधा नहीं बननी चाहिए। जिला प्रशासन का प्रयास है कि जिले की कोई भी बेटी केवल साधनों के अभाव में अपनी पढ़ाई न छोड़े। उन्होंने कहा कि बेटियों को शिक्षित बनाना केवल एक परिवार नहीं बल्कि पूरे समाज और राष्ट्र को मजबूत बनाने का कार्य है। प्रशासन ऐसे जरूरतमंद विद्यार्थियों की हरसंभव सहायता के लिए प्रतिबद्ध है ताकि वे आत्मविश्वास के साथ अपने सपनों को साकार कर सकें।
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के स्थानीय प्रतिनिधि गजेंद्र सलूजा ने कहा कि केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल का स्पष्ट संकल्प है कि शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि साक्षी जैसी बेटियां पूरे समाज के लिए प्रेरणा हैं, जो कठिन परिस्थितियों के बावजूद शिक्षा के प्रति समर्पित हैं। ऐसी प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जब समाज और प्रशासन मिलकर बेटियों के सपनों को संबल देते हैं तो वे भविष्य में परिवार, समाज और देश का नाम रोशन करती हैं। ऐसी पहलें अन्य बेटियों को भी शिक्षा के लिए प्रेरित करेंगी और जिले में शिक्षा का वातावरण और अधिक मजबूत होगा।

Comments