Wednesday, July 8, 2026
Newspaper and Magzine


विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में ढिलाई बर्दाश्त नहीं, हर बीएलओ निभाए जिम्मेदारी: एसडीएम मनदीप कुमार

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at July 8, 2026 Tags: , , , , , ,

डिजिटाइजेशन कार्य में तेजी लाने के निर्देश, लापरवाही पर होगी अनुशासनात्मक कार्रवाई

मतदाता सूची की शुद्धता लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत, पूरी निष्ठा से करें कार्य

समीक्षा बैठक में एसडीएम ने दिए स्पष्ट निर्देश, समयबद्ध लक्ष्य पूरा करना सभी की जिम्मेदारी

BOL PANIPAT , 8 जुलाई। विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने के उद्देश्य से बुधवार को जिला सचिवालय सभागार में 24-पानीपत ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ), एईआरओ तथा सुपरवाइजरों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम मनदीप कुमार ने की। बैठक में अभियान की प्रगति की विस्तार से समीक्षा करते हुए उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य को पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।

एसडीएम मनदीप कुमार ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने का एक महत्वपूर्ण अभियान है। मतदाता सूची की शुद्धता और पारदर्शिता सुनिश्चित करना प्रत्येक बीएलओ, एईआरओ और सुपरवाइजर की नैतिक एवं प्रशासनिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक अधिकारी अपने क्षेत्र में पूरी सक्रियता के साथ कार्य करते हुए यह सुनिश्चित करे कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे और सभी आवश्यक प्रपत्रों का समय पर सत्यापन एवं डिजिटाइजेशन पूरा किया जाए।

    उन्होंने विशेष रूप से डिजिटाइजेशन कार्य की समीक्षा करते हुए कहा कि यह कार्य हर हाल में निर्धारित समय के भीतर पूरा होना चाहिए। यदि किसी स्तर पर लापरवाही, उदासीनता अथवा कार्य में अनावश्यक देरी पाई गई और कार्य संतोषजनक नहीं मिला तो संबंधित अधिकारी या कर्मचारी के विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासन गुणवत्ता के साथ समयबद्ध कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहा है।

  उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान केवल एक प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि लोकतंत्र को मजबूत करने का महत्वपूर्ण दायित्व है। प्रत्येक बीएलओ, एईआरओ और सुपरवाइजर अपनी जिम्मेदारी का पूरी ईमानदारी और प्रतिबद्धता के साथ निर्वहन करें। डिजिटाइजेशन सहित सभी कार्यों में और अधिक तेजी लाई जाए, ताकि निर्धारित लक्ष्य समय पर और शत-प्रतिशत गुणवत्ता के साथ पूरे किए जा सकें। किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता को किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। सभी अधिकारी टीम भावना के साथ कार्य करते हुए अभियान को सफल बनाने में अपना सर्वोत्तम योगदान दें।

  बैठक के दौरान एसडीएम ने अधिकारियों से प्रगति रिपोर्ट की जानकारी ली और जहां कार्य की गति अपेक्षाकृत धीमी पाई गई, वहां तत्काल सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नियमित फील्ड मॉनिटरिंग, समय पर रिपोर्टिंग तथा आपसी समन्वय के माध्यम से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को पूरी सफलता के साथ संपन्न किया जाए, ताकि मतदाता सूची पूरी तरह त्रुटिरहित, अद्यतन और विश्वसनीय बन सके। इस मौके पर तहसीलदार मनोज, जन स्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अभियंता करण बहल, डिप्टी डीईओ मनीष गुप्ता, प्रिंसिपल सरिता, संजीव शास्त्री, महेंद्र सिंह, नवनीत, कंवरभान, मुकेश आदि मौजूद रहे।

Comments


Leave a Reply