विद्यार्थियों के लिए लोगो डिज़ाइनिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
BOL PANIPAT : आई.बी. स्नातकोत्तर महाविद्यालय के वाणिज्य एवं प्रबंधन विभाग की ओर से बी कॉम तृतीय वर्ष के विद्यार्थियों के लिए लोगो डिज़ाइनिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का विषय पर्यावरणीय सततता और तकनीक व नवाचार रहा। पर्यावरणीय सततता और तकनीक व नवाचार समाज के विकास के दो सबसे महत्वपूर्ण स्तंभ बन चुके हैं। इसी सोच को विद्यार्थियों तक पहुँचाने और उनमें जागरूकता पैदा करने के उद्देश्य से महाविद्यालय में लोगो मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में 10 विद्यार्थियों ने भाग लिया। इस प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपने रचनात्मक लोगो द्वारा यह संदेश देने का प्रयास किया कि किस प्रकार नई तकनीक का सही उपयोग करके पर्यावरण की रक्षा की जा सकती है। बच्चों के बनाए गए लोगो यह दर्शाते हैं कि हरित ऊर्जा, डिजिटल समाधान, स्वच्छ पर्यावरण और सतत विकास एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं।
विद्यार्थियों का मुख्य उद्देश्य यह संदेश देना था कि तकनीक अगर सही दिशा में प्रयोग की जाए तो वह पर्यावरण को बचाने का सबसे मजबूत माध्यम बन सकती है। कॉलेज की प्राचार्या डॉ. शशि प्रभा मलिक ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि हमें गर्व है कि हमारे विद्यार्थी केवल पढ़ाई तक सीमित नहीं हैं, बल्कि सामाजिक और पर्यावरणीय मुद्दों को भी गंभीरता से समझते हैं। इस प्रकार की गतिविधियाँ बच्चों में जिम्मेदारी, रचनात्मकता और नेतृत्व क्षमता को विकसित करती हैं। इस अवसर पर विभागाध्यक्ष डॉ सुनित शर्मा ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल के नवप्रवर्तक हैं। इस तरह की प्रतियोगिताएँ बच्चों को सोचने, समझने और समाज के लिए सकारात्मक समाधान खोजने की प्रेरणा देती हैं। पर्यावरण और तकनीक का संतुलन ही भविष्य की कुंजी है। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को यह समझाना था कि छोटे-छोटे विचार और रचनात्मक प्रयास बड़े सामाजिक बदलाव ला सकते हैं। प्रतियोगिता का आयोजन कक्षा की मेंटर सोनिया विरमानी के द्वारा किया गया। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान रिया और पायल ने, द्वितीय स्थान नेहा ने व तृतीय स्थान नीतू व नैंसी ने प्राप्त किया और सांत्वना पुरस्कार खुशी ने प्राप्त किया।

Comments