आई.बी. स्नातकोत्तर महाविद्यालय, पानीपत में अंतरराष्ट्रीय लोकतंत्र दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय स्तर की ऑनलाइन क्विज़ प्रतियोगिता का आयोजन
BOL PANIPAT : आई.बी. स्नातकोत्तर महाविद्यालय, पानीपत में अंतरराष्ट्रीय लोकतंत्र दिवस के अवसर पर राजनीति विज्ञान विभाग द्वारा राष्ट्रीय स्तर की ऑनलाइन क्विज़ प्रतियोगिता आयोजित की गई। इस प्रतियोगिता में देशभर से कुल 810 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया । प्रत्येक वर्ष 15 सितम्बर को अंतरराष्ट्रीय लोकतंत्र दिवस मनाया जाता है, जिसका उद्देश्य लोकतंत्र के महत्व, उसके मूल सिद्धांतों तथा नागरिकों की सक्रिय भागीदारी के प्रति जागरूकता फैलाना होता है। इसी उद्देश्य को सार्थक करते हुए इस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कॉलेज की प्राचार्या डॉ. शशि प्रभा मलिक ने अपने संबोधन में कहा, “आई.बी. कॉलेज सदैव विद्यार्थियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। यह क्विज प्रतियोगिता विद्यार्थियों के बौद्धिक विकास की दिशा में एक सराहनीय पहल है।” राजनीति विज्ञान विभाग की विभागाध्यक्षा डॉ. किरण मदान ने अपने वक्तव्य में कहा, “लोकतंत्र केवल एक शासन प्रणाली नहीं, बल्कि जनसहभागिता और उत्तरदायित्व का प्रतीक है। इस प्रकार की प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों में जागरूकता एवं जिम्मेदारी की भावना का विकास करती हैं।” कार्यक्रम का सफल संचालन प्राध्यापिका सुश्री खुशबू द्वारा किया गया। उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों का उत्साह अत्यंत सराहनीय था। राष्ट्रीय स्तर पर विद्यार्थियों की भागीदारी उनकी मेहनत और समर्पण का परिणाम है।
प्रतियोगिता के परिणाम इस प्रकार रहे:
प्रथम स्थान – युवराज सिंह (बी.ए. प्रथम वर्ष, डी.ए.वी. कॉलेज, चंडीगढ़)
द्वितीय स्थान – अंजली कौशिक (बी.ए. प्रथम वर्ष, जी.वी.एम. गर्ल्स कॉलेज, सोनीपत)
तृतीय स्थान – गणिशा (बी.ए. तृतीय वर्ष, आई.बी. (पी.जी.) कॉलेज, पानीपत)
सभी विजेताओं को सम्मानित किया गया, वहीं अन्य प्रतिभागियों को सर्टिफिकेट प्रदान किए गए। कार्यक्रम की सफलता में राजनीति विज्ञान विभाग के प्राध्यापकगण राहुल कुमार, पूजा तथा कुलदीप शर्मा ने भी सक्रिय भूमिका निभाई।

Comments