विद्यार्थियों को स्वास्थ्य व खेल के महत्व बारे जानकारी देकर जागरूक किया
BOL PANIPAT : 05 मार्च 2022, विशेष जागरूकता अभियान के दौरान डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल पुलिस लाईन में विद्यार्थियों को स्वास्थ्य व खेल के महत्व बारे जानकारी देकर जागरूक किया। पुलिस अधीक्षक शशांक कुमार सावन के कुशल मार्गदर्शन में चलाए गए विशेष जागरूकता अभियान के तहत तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय सिंह ने शनिवार को पुलिस लाईन स्थित डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल में विद्यार्थियों को स्वास्थ्य व खेलों के महत्व बारे जानकारी देकर जागरूक किया। उन्होने विद्यार्थियों को जानकारी देते हुए बताया की पढ़ाई के साथ-साथ खेल भी हमारे जीवन का एक आवश्यक हिस्सा है। स्वस्थ शरीर और दिमाग को विकसित करने के लिए खेल महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेल हमारे शरीर के साथ मानसिक विकास में भी मदद करते हैं। लगातार पढ़ाई के दौरान कई बार तनाव की स्थिति होती है। ऐसे में खेल इस तनाव को दूर करने का बेहतर माध्यम है। जिस तरह दिमाग के सही विकास के लिए शिक्षा जरूरी है, उसी तरह शारीरिक विकास के लिए खेल महत्वपूर्ण हैं। खेलो से हमारे अंदर टीम भावना से भी कार्य करने की भावना जागृत होती है। खेलने से शरीर तंदुरुस्त रहता है और खानपान पर ध्यान देने से स्वास्थ्य ठीक रहता है। बाहर की चीजें खाने से स्वास्थ्य बिगड़ सकता है। नियमित व्यायाम करते रहें, जिससे शरीर बिल्कुल ठीक रहेगा। खेल अब करिअर के नए आयाम विकसित कर चूका है। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आए दिन होने वाले तरह-तरह के मैचों से करियर, ग्लैमर और अच्छा पद सब कुछ मिलना संभव हो गया है।
प्रतिदिन व्यायाम करने की डालें आदत :
योग और व्यायाम तो हम कहीं और कभी भी कर सकते हैं। शुरुआत से ही इसकी आदत डालनी चाहिए, जिससे आगे चलकर कोई परेशानी नहीं हो। इससे शरीर स्वस्थ्य रहता है और दिमाग भी तेज होता है।
मन मजबूत तो हर जगह स्टेडियम :
आज कुछ करने के लिए किसी का इंतजार करने की जरूरत नहीं है। जो लोग सोचते हैं कि स्टेडियम होता तो कुछ कर लेते। अगर उनका मन मजबूत है तो उन्हें स्टेडियम की जरूरत नहीं। वे ऐसे ही खुले मैदान पर निरंतर अभ्यास कर सकते हैं।
इस दौरान स्कूल की प्रिंसिपल अनूपमा सिन्हा व स्कूल का स्टाफ भी मौजूद रहा।

Comments