Thursday, June 18, 2026
Newspaper and Magzine


परीक्षा की पवित्रता और विश्वसनीयता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता: अतिरिक्त उपायुक्त अंकित चौकसे

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at June 18, 2026 Tags: , , , ,

नीट री-एग्जाम को लेकर प्रशासन सतर्क, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में तैयारियों की हुई समीक्षा

परीक्षा की निष्पक्षता सर्वोच्च प्राथमिकता, सभी विभागों को दिए गए कड़े निर्देश

नीट पुनर्परीक्षा के सफल आयोजन हेतु जिला प्रशासन पूरी तरह तैयार

कंट्रोल रूम से लेकर सुरक्षा व्यवस्था तक पुख्ता इंतजाम, प्रशासन ने कसी कमर

BOL PANIPAT , 18 जून। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा आयोजित होने वाली नीट  पुनर्परीक्षा-2026 के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी संचालन को लेकर जिला प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में वीरवार को हरियाणा उच्चतर शिक्षा विभाग के महानिदेशक एवं राज्य नीट नोडल अधिकारी एस. नारायण ने प्रदेश के सभी उपायुक्तों, अतिरिक्त उपायुक्तों तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक की।

बैठक में परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, परीक्षा केंद्रों पर निगरानी, कंट्रोल रूम की स्थापना, कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि परीक्षा प्रक्रिया को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित की जाएं।

बैठक के उपरांत अतिरिक्त उपायुक्त अंकित चौकसे ने बताया कि जिला प्रशासन नीट (यूजी) पुनर्परीक्षा के सफल आयोजन को लेकर पूरी तरह सतर्क और प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि परीक्षा की पवित्रता और विश्वसनीयता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सुरक्षा, निगरानी और समन्वय संबंधी सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है तथा संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर किसी भी प्रकार की अनियमितता, अव्यवस्था अथवा संदिग्ध गतिविधि को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन, पुलिस विभाग और अन्य संबंधित एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ कार्य कर रही हैं ताकि अभ्यर्थियों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित परीक्षा वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर स्थापित होने वाले कंट्रोल रूम के माध्यम से परीक्षा प्रक्रिया की लगातार निगरानी की जाएगी और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी राकेश बूरा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Comments


Leave a Reply