Thursday, April 16, 2026
Newspaper and Magzine


परीक्षा की पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता: उपायुक्त डॉ विरेंदर कुमार दहिया

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at April 16, 2026 Tags: , , , , ,

अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी गंभीरता, सतर्कता और समन्वय के साथ करें

26 अप्रैल को होगी परीक्षा

हरियाणा लोक सेवा आयोग ने दिए आवश्यक दिशानिर्देश

फोटो स्टेट की दुकाने रहेगी बंद, फोन की इजाजत नहीं

BOL PANIPAT , 16 अप्रैल। हरियाणा लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित होने वाली एचसीएस (एक्जीक्यूटिव ब्रांच) व अन्य संबद्ध सेवाओं की प्रारंभिक परीक्षा-2025 को 26 अप्रैल (रविवार) को सफलतापूर्वक, निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए  प्रशासन ने व्यापक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी कड़ी में गुरुवार को जिला सचिवालय सभागार में उपायुक्त डॉ. विरेंदर  कुमार दहिया की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें शिक्षा, पुलिस, प्रशासनिक व अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई। बैठक में हरियाणा लोक सेवा आयोग (एचपीएससी) के सदस्य आनंद शर्मा ने भी आवश्यक जानकारी सांझा की।

  उपायुक्त डॉ विरेंदर कुमार दहिया ने बैठक के दौरान परीक्षा के सुचारू संचालन को लेकर विस्तृत चर्चा की और सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि वे अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी गंभीरता, सतर्कता और समन्वय के साथ करें, ताकि परीक्षा प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। उन्होंने कहा कि एचसीएस जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा की पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे और किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता को बिल्कुल भी सहन नहीं किया जाएगा। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी, पर्याप्त पुलिस बल और निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि परीक्षा के दिन केंद्रों के आसपास स्थित सभी फोटोस्टेट की दुकानें बंद रखी जाएंगी, ताकि किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधि को रोका जा सके।

    उपायुक्त ने  कहा कि किसी भी अभ्यर्थी को मोबाइल फोन या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण परीक्षा केंद्र के अंदर ले जाने की अनुमति नहीं होगी। यहां तक कि ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मचारियों को भी मोबाइल फोन साथ ले जाने की इजाजत नहीं होगी, जिससे परीक्षा की गोपनीयता पूरी तरह सुरक्षित रह सके। उपायुक्त ने अभ्यर्थियों से अपील करते हुए कहा कि वे परीक्षा शुरू होने से कम से कम डेढ़ घंटा पहले केंद्र पर पहुंचना सुनिश्चित करें, ताकि प्रवेश प्रक्रिया में कोई अव्यवस्था न हो और समय पर परीक्षा शुरू की जा सके। उपायुक्त ने कहा कि वे स्वयं परीक्षा के दिन विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण करेंगे और व्यवस्थाओं का जायजा लेकर यह सुनिश्चित करेंगे कि सभी दिशा-निर्देशों का पालन हो रहा है।

    एचपीएससी सदस्य आनंद शर्मा ने कहा कि आयोग का मुख्य उद्देश्य परीक्षा को पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न कराना है। उन्होंने कहा कि आयोग द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा केंद्रों पर अनुशासन बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पाए जाने पर तुरंत कार्रवाई की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि परीक्षा प्रक्रिया को लेकर किसी भी तरह की अफवाह या गलत जानकारी को फैलने से रोकने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहे।

आनंद शर्मा ने भरोसा जताया कि जिला प्रशासन के सहयोग से यह परीक्षा सफलतापूर्वक संपन्न होगी और अभ्यर्थियों को एक निष्पक्ष माहौल प्रदान किया जाएगा। परीक्षा के सफल संचालन के लिए उपायुक्त ने सीईओ जिला परिषद डॉ. किरण को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया  जो सभी विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगी। इसके अलावा सभी स्कूलों, कॉलेजों व अन्य परीक्षा केंद्रों को आयोग की गाइडलाइंस का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। केंद्र अधीक्षकों को विशेष रूप से जिम्मेदारी सौंपी गई है कि वे परीक्षा प्रक्रिया को पूरी ईमानदारी और सतर्कता के साथ संपन्न कराएं।

  उपायुक्त डॉ विरेंदर कुमार दहिया ने स्पष्ट किया कि इस महत्वपूर्ण परीक्षा को सफलतापूर्वक संपन्न कराना सभी संबंधित विभागों की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए हर स्तर पर सतर्कता, पारदर्शिता और अनुशासन बनाए रखने पर जोर दिया गया है। उपायुक्त ने कहा कि प्रशासन ने यह भी सुनिश्चित किया है कि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और उन्हें एक सुरक्षित, व्यवस्थित और निष्पक्ष वातावरण में परीक्षा देने का अवसर मिले। जिला प्रशासन और आयोग के संयुक्त प्रयासों से यह परीक्षा पूरी तरह सफल और निष्पक्ष रूप से संपन्न कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसके लिए सभी अधिकारी पूरी गंभीरता के साथ कार्य कर रहे हैं। इस मौके पर एसडीएम मनदीप कुमार, सीईओ डॉ किरण, डीडीपीओ राजेश शर्मा , सेंटर सुप्रिटेंडेंट अनिल कुमार, प्रिंसिपल सतवीर, डॉक्टर एस के वर्मा, डिप्टी डीईओ सुमन कादियान के अलावा  कई अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Comments


Leave a Reply