Saturday, July 25, 2026
Newspaper and Magzine


करनाल मंडल में नशे पर बड़ी कार्रवाई 354 मामलों में जब्त 1406 किलोग्राम से अधिक मादक पदार्थों का विनष्टीकरण

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at January 13, 2026 Tags: , , , , ,

-अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक डॉ. एम. रवि किरण की अध्यक्षता में करनाल, कैथल व पानीपत में हुई कार्रवाई

BOL PANIPAT , 13 जनवरी : करनाल मंडल में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत हरियाणा पुलिस ने एक बड़ी और निर्णायक कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में जब्त मादक पदार्थों का विधिवत विनष्टीकरण किया। यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक करनाल मंडल डॉ. एम. रवि किरण (आईपीएस) की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक पानीपत भूपेंद्र सिंह, पुलिस अधीक्षक करनाल नरेन्द्र बिजारणिया तथा पुलिस अधीक्षक कैथल उपासना की उपस्थिति में गठित समिति द्वारा माननीय न्यायालय के आदेशों के अनुपालन में संपूर्ण प्रक्रिया पूरी की गई।

मंगलवार को करनाल मंडल के करनाल, कैथल और पानीपत जिलों में पंजीकृत कुल 354 अभियोगों से संबंधित 1406 किलोग्राम से अधिक मादक पदार्थों को नष्ट किया गया। इनमे जिला करनाल के 257 अभियोगों में कुल 54 किलोग्राम 420 ग्राम 980 मिलीग्राम प्रतिबंधित मादक पदार्थ शामिल थे। इनमें चूरापोस्त, गांजा, चरस, सुलफा, स्मैक, नशीले कैप्सूल व गोलियां, अफीम के पौधे तथा भांग शामिल रहे।

इसी तरह जिला कैथल के 66 अभियोगों में कुल 1058 किलोग्राम 511 ग्राम 849 मिलीग्राम मादक पदार्थों का विनष्टीकरण किया गया।
इसमें चूरापोस्त, डोडा पोस्त, गांजा पत्ती, चरस, हेरोइन, भारी मात्रा में नशीली गोलियां, इंजेक्शन तथा खाली स्ट्रिप्स शामिल थीं।

इसी तरह से जिला पानीपत के 31 अभियोगों से कुल 294 किलोग्राम 107 ग्राम 004 मिलीग्राम मादक पदार्थ बरामद हुए, जिनमें गांजा, चरस, हेरोइन, स्मैक और चूरापोस्त शामिल था। सभी जब्त मादक पदार्थों को जिला करनाल के गांव बजीदा जटान स्थित जैव-चिकित्सा अपशिष्ट निस्तारण एजेंसी में उच्च तापमान वाले भस्मीकरण यंत्र के माध्यम से निर्धारित मानकों के अनुसार पूर्णतः नष्ट किया गया।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक डॉ. एम. रवि किरण ने कहा कि हरियाणा पुलिस नशे के विरुद्ध शून्य सहनशीलता नीति के तहत कार्य कर रही है। युवाओं को नशे की गिरफ्त से बाहर निकालना और समाज को नशामुक्त बनाना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार कठोरतम कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। यह कार्रवाई न केवल कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में एक अहम कदम है, बल्कि नशामुक्त समाज के संकल्प को भी मजबूती प्रदान करती है।

Comments