Wednesday, September 2, 2026
Newspaper and Magzine


गांवों को बनाएं सौर ऊर्जा का मजबूत मॉडल: अतिरिक्त उपायुक्त अंकित चौकसे

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at September 2, 2026 Tags: , , , , ,

सूर्य घर योजना को गांव-गांव पहुंचाने के लिए अधिकारियों को दिए निर्देश, बेहतर प्रदर्शन करने वाले गांव होंगे सम्मानित

BOL PANIPAT, 2 सितंबर। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में प्रभावी ढंग से लागू करने के उद्देश्य से बुधवार को जिला सचिवालय सभागार में अतिरिक्त उपायुक्त अंकित चौकसे ने उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम (यूएचबीवीएन) के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजना का लाभ अधिक से अधिक पात्र परिवारों तक पहुंचाने के लिए गांव-गांव व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाए। अतिरिक्त उपायुक्त अंकित चौकसे ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना केवल सोलर पैनल लगाने की योजना नहीं, बल्कि लोगों को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। ग्रामीण क्षेत्रों में इस योजना को जन-जन तक पहुंचाने के लिए अधिकारी और ग्राम स्तर के कर्मचारी पूरी गंभीरता से कार्य करें।

उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक गांव में सरपंच, पंच और ग्राम पंचायत के प्रतिनिधियों को योजना से जोड़ते हुए उनके घरों पर सोलर पैनल लगवाने के लिए प्रेरित किया जाए, ताकि वे स्वयं उदाहरण प्रस्तुत कर ग्रामीणों को सौर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रोत्साहित कर सकें।
   अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि जिस गांव में जनप्रतिनिधि स्वयं सौर ऊर्जा अपनाएंगे, वहां आम लोगों में भी योजना के प्रति विश्वास और जागरूकता तेजी से बढ़ेगी। प्रशासन का उद्देश्य है कि जिला सौर ऊर्जा के क्षेत्र में प्रदेश के अग्रणी जिलों में शामिल हो और अधिक से अधिक ग्रामीण परिवार अपने घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाकर बिजली के खर्च को कम करें।

अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में योजना के बेहतर क्रियान्वयन और लोगों की भागीदारी को प्रोत्साहित करने के लिए जिला स्तर पर श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले गांवों को सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अच्छा कार्य करने वाली ग्राम पंचायतों और गांवों को 26 जनवरी गणतंत्र दिवस तथा 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने सभी ग्राम सचिवों की ड्यूटी निर्धारित करते हुए निर्देश दिए कि योजना की प्रगति से संबंधित रिपोर्ट 15 नवंबर तक जिला प्रशासन को उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करें।

अतिरिक्त उपायुक्त अंकित चौकसे ने कहा कि सौर ऊर्जा आज समय की जरूरत है और प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना आम परिवारों को बिजली खर्च में राहत देने का कार्य कर रही है व साथ ही स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग की दिशा में आगे बढ़ाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने ग्रामीणों से योजना का लाभ उठाने और अधिक से अधिक संख्या में सोलर पैनल लगवाने का आह्वान किया।

बैठक में बिजली विभाग के  अधीक्षक अभियंता धर्म सिहाग ने बताया कि प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के तहत पात्र उपभोक्ताओं को सोलर सिस्टम लगवाने पर केंद्र सरकार की ओर से सब्सिडी दी जाती है। 1 किलोवाट क्षमता के सिस्टम पर 30 हजार रुपये, 2 किलोवाट पर 60 हजार रुपये तथा 3 किलोवाट और उससे अधिक क्षमता पर अधिकतम 78 हजार रुपये तक की केंद्र सरकार की सब्सिडी उपलब्ध है। इस संबंध में अधीक्षण अभियंता धर्म सिंह ने बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक के घर पर उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम का चालू बिजली कनेक्शन और मीटर होना आवश्यक है। जिस मकान की छत पर सोलर सिस्टम लगाया जाना है, उसका मालिकाना हक भी आवेदक के पास होना चाहिए। सोलर सिस्टम सरकार के पंजीकृत अथवा मान्यता प्राप्त वेंडर से ही लगवाना होगा तथा सिस्टम बिजली ग्रिड से जुड़ा हुआ यानी ऑन-ग्रिड होना चाहिए।

उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार की ओर से भी पात्र परिवारों को सोलर योजना के तहत अतिरिक्त सब्सिडी का लाभ दिया जा रहा है। इसके लिए परिवार पहचान पत्र में परिवार की वार्षिक आय 1 लाख 80 हजार रुपये से कम होना आवश्यक है। साथ ही पिछले एक वर्ष में घरेलू बिजली की खपत 2,400 यूनिट से कम होनी चाहिए तथा बिजली मीटर का स्वीकृत लोड 2 किलोवाट या इससे कम होना चाहिए। धर्म सिंह ने बताया कि सौर ऊर्जा अपनाने से बिजली के बिल में उल्लेखनीय कमी लाई जा सकती है। योजना के तहत 2 किलोवाट का सोलर सिस्टम प्रतिमाह लगभग 300 यूनिट, 3 किलोवाट सिस्टम करीब 450 यूनिट, 5 किलोवाट सिस्टम करीब 750 यूनिट, 8 किलोवाट सिस्टम लगभग 1,200 यूनिट तथा 10 किलोवाट सिस्टम लगभग 1,500 यूनिट तक बिजली उत्पादन कर सकता है। इससे उपभोक्ताओं को उनकी खपत के अनुसार बिजली बिल में बड़ी बचत हो सकती है। बैठक में बिजली विभाग के कार्यकारी अभियंता आदित्य कुंडू, कार्यकारी अभियंता दहिया, एम.एस. धीमान सहित बिजली विभाग और अन्य संबंधित विभागों के कई अधिकारी मौजूद रहे।

Comments


Leave a Reply