हमारा उद्देश्य न केवल राहत प्रदान करना बल्कि लोगों को सामाजिक सुरक्षा व बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करना भी है: एसडीएम मनदीप कुमार
-एसडीएम मनदीप कुमार ने निराश्रितों और जरूरतमंदों के लिए सर्दी राहत अभियान का किया निरीक्षण
-गरीब व जरूरतमंद को कंबल भी बाटे
BOL PANIPAT , 8 जनवरी। कड़ाके की ठंड में असहाय और निराश्रित लोगों को बचाने के लिए जिला प्रशासन सक्रिय है। उपायुक्त डॉ. वीरेन्द्र कुमार दहिया के निर्देशानुसार एसडीएम मनदीप कुमार ने देर रात रेन बसेरों का निरीक्षण किया व वहां मिलने वाली सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने रेलवे स्टेशन, फ्लाईओवर के नीचे और औद्योगिक क्षेत्र व सलम क्षेत्र की झुग्गियों में रह रहे गरीब, असहाय और यात्री लोगों को सर्दी से बचाव हेतु जागरूक किया।
एसडीएम मनदीप कुमार ने बताया कि जिला प्रशासन हर साल जिला रेडक्रास सोसाइटी व अन्य सामाजिक संगठनों के सहयोग से ठंड के मौसम में निराश्रितों, असहाय और यात्रियों को रैन बसेरों में ठहरने के विकल्प प्रदान करता है। एसडीएम ने कहा कि समय-समय पर जरूरतमंद व्यक्तियों को कंबल वितरित किए जाते हैं ताकि सभी लोग ठंड से सुरक्षित रहें। हमारा उद्देश्य न केवल राहत प्रदान करना है, बल्कि लोगों को समाजिक सुरक्षा व बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करना भी है।
इस अभियान के तहत देर रात एसडीएम ने रेलवे स्टेशन और उसके आसपास के क्षेत्रों, फ्लाईओवर के नीचे, झुग्गी-झोपड़ी इलाकों का दौरा किया और जरूरतमंदों, विशेषकर महिलाओं व बच्चों को जिला रेडक्रास सोसाइटी के माध्यम से कंबल वितरित किए। इस दौरान नगर निगम के अधिकारी और रेडक्रास टीम के जिला प्रशिक्षण अधिकारी हरमेंश चंद, स्टाफ सदस्य लाल चंद, मोहित, गोपाल व स्वयंसेवक अमन भी मौजूद रहे।

Comments