एमडीडी द्वारा बाल विवाह, बाल श्रम व बाल दुर्व्यवहार के खिलाफ पेंटिंग व स्लोगन प्रतियोगिता का आयोजन
BOL PANIPAT : कैलाश सत्यार्थी चिल्ड्रन फाऊंडेशन द्वारा समर्थित एम डी डी ऑफ इंडिया संस्था द्वारा पानीपत जिले के मनाना , छाजपुर और ऊझा के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों में अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस के मौके पर बाल विवाह, बाल दुर्व्यवहार व बाल श्रम के खिलाफ छात्र छात्राओं को जानकारी दी गई और इसके बाद इन विषयों पर पेंटिंग व स्लोगन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। बच्चों ने बाल विवाह और बाल श्रम के दुप्रभावों के खिलाफ सुंदर पेंटिंग्स बनाई और शानदार नारे भी लिखे। इसमें बाल विवाह के दुष्परिणामों तथा बाल विवाह निषेध अधिनियम के बारे में विस्तार से बताया गया। मनाना राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में सामुदायिक सामाजिक कार्यकर्ता दीपिका और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय छाजपुर और ऊझा में पायल ने छात्र छात्राओं को बाल अधिकारों के बारे में अवगत कराया।
एम डी डी जिला समन्वयक संजय कुमार ने कहा कि एम डी डी ऑफ इंडिया पिछले कई वर्षों से बालाधिकारों को लेकर कार्यरत है और बाल विवाह, बाल दुर्व्यवहार व बाल श्रम के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाए हुए है। एमडीडी ऑफ इंडिया (गैर-लाभकारी संगठन) हरियाणा के 15 जिलों में कैलाश सत्यार्थी चिल्ड्रेन फाउंडेशन के सहयोग से दुनिया के सबसे बड़े कानूनी हस्तक्षेप कार्यक्रम “बच्चों के लिए न्याय तक पहुंच” पर काम कर रहा है।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, मनाना की प्रिंसिपल सरिता देवी ने कहा कि सामाजिक बुराइयों से लड़ने के लिए कला एक सशक्त माध्यम है और देश के युवा छात्र छात्राएं इन सामाजिक बुराइयों के खिलाफ मजबूती से लड़ सकते हैं। प्रिंसिपल ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले छात्र छात्राओं को सम्मानित किया और कहा कि हम एमडीडी ऑफ इंडिया और एक्सेस टू जस्टिस की इस मुहिम का स्वागत करते हैं।

Comments