Saturday, April 25, 2026
Newspaper and Magzine


केवल नाम स्मरण से ही सार्थक जीवन जिया जा सकता है :स्वामी दयानन्द सरस्वती जी


BOL PANIPAT : सनौली रोड, नेता जी कालोनी स्थित श्री लक्ष्मी नारायण सांई बाबा मन्दिर के 53वें वार्षिकोत्सव के अंतर्गत त्रिदिवसीय श्री राम कथा सत्संग के दूसरे दिन प्रवचन करते हुए स्वामी दयानन्द सरस्वती जी ने हनुमान जी की राम जी के प्रति अनन्य भक्ति का वर्णन किया।
कार्यक्रम का प्रारंभ मुख्य अतिथि सुरेन्द्र रेवड़ी द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि का स्वागत मंदिर कमेटी द्वारा किया गया।  तत्पश्चात महाराज श्री ने रामचरित मानस की किष्किन्धा काण्ड की चौपाई ‘राम काज लगि तव अवतारा सुनितहिं भयऊ पर्वताकारा’ के  बारे में बताते हुए कहा कि । जैसे ही जाम्बवान जी ने हनुमान जी को उनका बल याद दिलाया व यह कहा कि राम काम करने के लिए ही आप हनुमान जी का अवतार हुआ है यह सुनते ही हनुमान जी में एक अद्भुत बल आ गया तथा वे पर्वत के समान विशालकाय हो गए व लंका की ओर जाने को तत्पर हो गए।

स्वामी दयानन्द सरस्वती जी महाराज ने राम नाम महिमा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि केवल नाम स्मरण से ही सार्थक जीवन जिया जा सकता है। उन्होंने कहा कि माँ के गर्भ से निकलकर हम माया के गर्भ में प्रवेश करते हैं और माया रूपी अंधकार में भटकते रहते हैं। सत्य के इस भंवर में हम भौतिक और शारीरिक सुखों के पीछे भागते रहते हैं। थोड़े से धन के लालच में पाप करते हैं। हमें इस पाप की अंधियारी नगरी से सत्य के सूरज की ओर ले जाने वाला केवल एक ही मार्गदर्शक होता है और वह है राम नाम स्मरण।

इससे पूर्व मन्दिर प्रांगण में ‘एक शाम ठाकुर जी के नाम’ भक्ति संकीर्तन कार्यक्रम का आयोजन हुआ। जिसमें किशोरी कृपा संकीर्तन परिवार से पधारे नरेश सहगल ने ‘मैं मनावां शाम नूं ते शाम मनावे मैंनू’ व ‘अमृत है हरिनाम हमारा, छोड़ विषय रस पीना क्या, हरिनाम नहीं तो जीना क्या,’ गाकर उपस्थित श्रद्धालुओं को भाव विभोर कर दिया। इस अवसर पर किशन लखीना, राजेन्द्र टुटेजा, कैलाश नारंग, अनिल शर्मा, शाम शर्मा, राजेश लखीना, शैंकी सेठी, अनिल रेवड़ी, पंकज नारंग, मोहित नारंग, रिषभ, सेठी, राम नारायण तनेजा, जुगल नन्दवानी, दिनेश ढींगड़ा, पुजारी प्रेम चन्द शर्मा, हरि कृष्ण जोशी, अशोक सेठी, गौरव जुनेजा, आदि उपस्थित थे।

Comments