राज्य मंत्री अनुप धानक ने अधिकारियों के साथ बैठक कर योजनाओं की समीक्षा की
BOL PANIPAT , 10 फरवरी। श्रम एवं रोजगार राज्य मंत्री अनुप धानक ने वीरवार को समालखा के ब्लूजे टूरिस्ट कॉम्पलैक्स में अधिकारियों के साथ बैठक कर योजनाओं की समीक्षा की और उन्हें आवश्यक दिशानिर्देश दिए।
राज्य मंत्री अनूप धानक ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा विभिन्न रोजगारपरक योजनाएं चलाई गई है। सरकार द्वारा हर परिवार के उत्थान के लिए सबका साथ-सबका विकास के मूल मंत्र के साथ आगे बढ़ा जा रहा है। सूक्ष्म, लघु उद्योगों को आगे बढाने के लिए और स्वरोजगार स्थापित करने के लिए काम कर रही है।
उन्होंने श्रम विभाग के अधिकारियों को भी निर्देश देते हुए कहा कि असंगठित मजदूरों के कल्याण के लिए राष्ट्रीय स्तर पर डाटाबेस तैयार किया जा रहा है जिसके तहत ई-श्रम पोर्टल शुरू किया गया है। इस पर जितने भी आवेदन किए गए हैं उनका पूरा डाटा मुख्यालय भिजवाएं। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत पंजीकृत व्यक्ति का दो लाख रूपये तक का मुफ्त बीमा किया जा रहा है। ई-श्रम योजना का लाभ श्रमिकों की श्रेणी में छोटे और मध्यम किसान खेतों में काम करने वाले मजदूर, मनरेगा योजना के श्रमिक, पशुपालन श्रमिक, सब्जी और फल रेहड़ी लगाने वाले, रिक्शा ड्राईवर इत्यादि आते हैं।
राज्य मंत्री अनूप धानक ने जानकारी देते हुए बताया कि वे आगामी 15 फरवरी को समालखा खण्ड के करहंस, मच्छरौली, बिहौली, आटा, डिकाडला, जौरासी गांव का भी दौरा करेंगे। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे सभी कार्यकर्ताओं की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ हल करें। इस मौके पर डीसी सुशील सारवान, जेजेपी नेता देवेन्द्र कादियान, एसडीएम समालखा अश्वनी मलिक, डीएसपी समालखा प्रदीप कुमार सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।

Comments