आजादी के अमृत महोत्सव के तहत नंबरदारो को किए गए मोबाइल वितरित। डीसी सुशील सारवान ने स्मार्ट फोन को बताया उपयोगी।
BOL PANIPAT , 20 सितंबर। स्मार्ट फोन काम करने में सहज और उपयोगी है इसीलिए सभी नंबरदार भविष्य में इसका फायदा उठा सकेंगे। आज के इस तकनीकी युग में स्मार्टफोन का होना बहुत जरूरी है सूचनाओं के आदान-प्रदान में यह बहुत सहायक सिद्ध होगा।
यह बातें डीसी सुशील सारवान ने मंगलवार को लघु सचिवालय में आजादी के अमृत महोत्सव के तहत नंबरदारों को मोबाइल वितरित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि सभी नंबरदार इसको चलाना सीख ले अगर कहीं भी किसी को कोई समस्या आती है तो एनआईसी के माध्यम से उसको हल किया जाएगा उन्होंने कहा कि मोबाइल चलाने के लिए घरों में युवाओं की सहायता लें और इस स्मार्टफोन में सभी उपयोगी एप्स डाउनलोड भी कर ले उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित एनआईसी के सभी प्रतिनिधियों से कहा कि नंबरदार ओं को वितरित किए जाने वाले सभी मोबाइल्स में व्हाट्सएप इत्यादि ऐप डाउनलोड करके दें।

उपायुक्त ने जोर देकर कहा कि जिले की कानून व शांति व्यवस्था बनाने और सूचनाओं के आदान प्रदान करने में यह मोबाइल आपके लिए बहुत सहायक सिद्ध होगा। इससे आप जिला प्रशासन और राजस्व के सभी कार्य आसानी से कर सकेंगे। प्रदेश सरकार की मंशा है कि सभी नंबरदारों को शत प्रतिशत मोबाईल वितरित किए जाएं। इसीलिए यह कार्यक्रम दोबारा रखा गया है।इस मौके पर पर एडीसी वीना हुड्डा, एसडीएम वीरेंद्र ढुल, सीटीएम राजेश सोनी, एसडीएम समालखा अमित कुमार इत्यादि उपस्थित थे। कार्यक्रम में 75 नंबरदारों को मोबाइल प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में नंबरदार एसोसिएशन की ओर से जिला प्रधान जसवीर सिंह आट्टा ने उपायुक्त सुशील सारवान व अन्य सभी अधिकारियों का धन्यवाद किया और उन्हें आश्वस्त किया कि वह प्रदेश सरकार द्वारा प्रदान किए गए इस मोबाइल का ज्यादा से ज्यादा उपयोग करेंगे और सरकार द्वारा चलाई गई योजनाओं का प्रचार-प्रसार भी करेंगे। साथ ही साथ राजस्व विभाग की ओर से उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है उसका निर्वहन भली-भांति करेंगे।

Comments