4 जून को मुड़लाना किसान महापंचायत में होगा सरकार के साथ आर पार की लड़ाई का ऐलान : सुधीर जाखड़
BOL PANIPAT : आज भाकियू (चढूनी), जिला पानीपत द्वारा किसान भवन, पानीपत में प्रेस वार्ता बुलाई गयी । पत्रकारों से बात करते हुए भाकियू जिलाध्यक्ष सुधीर जाखड़ ने कहा कि – आज देश में रोम जैसे हालात पैदा हो चुके हैं, जब रोम जल रहा था, तब नीरो बांसुरी बजा रहा था । देश की मोदी सरकार लगातार यौनशौषण के आरोपी भाजपा सांसद बृजभूषण को बचाने में लगी हुई है, जिससे साफ पता चलता है कि मोदी सरकार की आत्मा मर चुकी है और महिला पहलवानों के साथ जुल्म हो रहा है और देश का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आँखे बंद करके बैठा है ।
सुधीर जाखड़ ने कहा कि – अगर सरकार द्वारा 4 जून से पहले भाजपा सांसद बृजभूषण शरण को गिरफ्तार करके जेल की सलाखों के अंदर नहीं डाला तो समाज 4 जून को मुड़लाना (सोनीपत) में होने वाली सर्वसमाज की महापंचायत में कड़ा फैसला लेगा और सरकार से आर-पार की लड़ाई का ऐलान किया जायेगा ।
भाकियू राष्ट्रीय अध्यक्ष के आह्वान पर 4 जून को मुड़लाना में बुलाई गयी सर्वसमाज महापंचायत को लेकर लोगों में बेहद उत्साह है, और पानीपत ज़िले के लगभग सभी गाँवों से हज़ारों की संख्या में लोग पहुंचेंगे और सरकार की नींद हराम करेंगे ।
भाकियू कार्यकारी ज़िलाध्यक्ष राम सिंह कुण्डू ने बताया कि- भाकियू (चढूनी ) द्वारा ब्लॉक वाइज ड्यूटी लगाकर प्रचार अभियान किया जा रहा है और लोगों से देश की बेटियों की इज़्ज़त – आबरू की लड़ाई में मुड़लाना पहुँचने की अपील की जा रही है । सरकार के प्रति लोगों में बेहद आक्रोश है, जिसके विकराल परिणाम देखने को मिलेंगे ।
इस दौरान भाकियू युवा जिला अध्यक्ष नदीम ग़ुज्जर, पूर्व किसान भवन प्रधान सुरेश दहिया, लीगल सेल के अध्यक्ष एडवोकेट संदीप धर्मगढ़, इसराना ब्लॉक प्रधान राजरूप फ़ौजी, सत्ता शाहपुर, सुमेर बड़ौली आदि मौजूद रहे।

Comments