राष्ट्रीय पोषण अभियान : महिलाओं और बच्चों की स्वास्थ्य सेवाओं पर होगा विशेष फोकस: डीसी
-जिला में 17 सितंबर से 16 अक्टूबर तक मनाया जाएगा आठवां राष्ट्रीय पोषण माह
BOL PANIPAT , 11 सितंबर। आमजन को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए लोगों की सोच में परिवर्तन लाकर स्वस्थ भारत के निर्माण में हम अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सकते हैं। डीसी डॉक्टर पंकज यादव ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि इस जन जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन लोगों की सोच को बदलने में अहम है। राष्ट्रीय पोषण अभियान के मद्देनजर महिला एवं बाल विकास विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों इस अभियान को आगे बढाने का काम करेगे,
डीसी डॉक्टर पंकज यादव ने बताया कि महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से 17 सितंबर से 16 अक्टूबर तक स्वस्थ जीवन के लिए संतुलित आहार, बचपन की देखभाल-शिक्षा और स्थानीय पौष्टिक खाद्य संसाधनों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आठवां राष्ट्रीय पोषण माह मनाया जा रहा है। इस बार पोषण अभियान को महिला एवं बच्चों की स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष फोकस होगा, जिसका मुख्य उद्देश्य मानव जीवन के महत्वपूर्ण चरणों गर्भावस्था, शैशवावस्था, बचपन और किशोरावस्था के बारे में व्यापक जागरूकता पैदा करना है। उन्होंने बताया कि इस राष्ट्रीय पोषण माह का शुभारंभ देश के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा 17 सितंबर को पूरे देश में किया जाएगा। जिसके तहत देश में 75 हजार हेल्थ कैंप भी आयोजित किए जाएंगे, जहां विशेष रूप से महिलाओं और बच्चों की स्वास्थ्य आवश्यकताओं पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि एक स्वस्थ और पौष्टिक आहार लेना हमारे स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में मदद करता है और यही राष्ट्रीय पोषण माह आयोजित करने का सिद्धांत है।
संतुलन भोजन व पौष्टिक संसाधनों पर दिया जाएगा जोर
डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिला में राष्ट्रीय पोषण माह बारे व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाकर नागरिकों विशेषकर महिलाओं को जागरूक किया जाए। इसके लिए स्वयं सहायता समूहों का भी सहयोग लिया जाए। पोषण के लक्ष्य को सफलतापूर्वक पूर्ण करने के लिए संबंधित मंत्रालय द्वारा स्थानीय आंगनबाड़ी केंद्रों पर आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा स्वस्थ जीवन के लिए संतुलित आहार, बचपन की देखभाल-शिक्षा और स्थानीय पौष्टिक खाद्य संसाधनों को बढ़ावा देने पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जांएगे। इस कार्यक्रम में मोटापा घटाने पर जोर देते हुए चीनी और तेल का सीमित सेवन, प्रारंभिक बचपन की देखभाल एवं शिक्षा, शिशु एवं छोटे बच्चों की आहार पद्धतियां, पोषण और बच्चों की देखभाल में पुरुषों की भागीदारी तथा स्थानीय पौष्टिक खाद्य संसाधनों को बढ़ावा दिया जाएगा। डीसी ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि पोषण माह जागरूकता कार्यक्रमों में अधिक से अधिक महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के सभी आंगनवाड़ी केंद्रों में सफाई अभियान चलाया जाए तथा शिक्षा विभाग स्कूलों में श्रमदान करें।

Comments