Friday, April 17, 2026
Newspaper and Magzine


विकास कार्यों में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त: निगम आयुक्त डॉ .पंकज

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at April 11, 2026 Tags: , , , , ,

-ड्रेन लाइनिंग प्रोजेक्ट में देरी पर कड़ा प्रहार. एजेंसी पर भारी जुर्माना. समय सीमा से खिलवाड़ महंगा पड़ा. निगम आयुक्त की सख्त कार्रवाई. देरी पर निगम का बड़ा एक्शन, कंपनी पर 40 लाख का जुर्माना ठोका

BOL PANIPAT , 11 अप्रैल। शहर में चल रहे विकास कार्यों में देरी को लेकर नगर निगम ने सख्त रुख अपनाया है। ड्रेन लाइनिंग के महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट में लापरवाही बरतने पर संबंधित एजेंसी पर 40 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। यह कार्रवाई निगम आयुक्त डॉ. पंकज के निर्देश पर की गई है, जिन्होंने स्पष्ट किया है कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की ढिलाई अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उपलब्ध जानकारी के अनुसार, आर.55676 से 69100 तक ड्रेन लाइनिंग का कार्य लगभग 28.42 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है। इस प्रोजेक्ट की शुरुआत मार्च 2024 में हुई थी और इसे सितंबर 2025 तक पूरा किया जाना निर्धारित था। हालांकि, कार्य की प्रगति निर्धारित समयसीमा के अनुरूप नहीं पाई गई, जिस पर निगम ने गंभीर संज्ञान लिया।
निगम आयुक्त डॉ. पंकज ने कहा कि यह प्रोजेक्ट शहर की जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए बेहद महत्वपूर्ण है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही सीधे तौर पर जनता को प्रभावित करती है। उन्होंने कहा कि संबंधित एजेंसी को कई बार समय पर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन इसके बावजूद काम में अपेक्षित गति नहीं लाई गई।
उन्होंने कहा कि निगम की प्राथमिकता शहर का समग्र विकास और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। ऐसे में यदि कोई एजेंसी अपनी जिम्मेदारी निभाने में विफल रहती है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। 40 लाख रुपये का जुर्माना इसी दिशा में उठाया गया एक ठोस कदम है।
डॉ. पंकज ने चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में भी यदि किसी एजेंसी द्वारा विकास कार्यों में देरी या लापरवाही बरती गई, तो और भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी प्रोजेक्ट्स की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और तय समयसीमा के भीतर कार्य पूरा सुनिश्चित किया जाए, ताकि शहरवासियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

Comments


Leave a Reply