सादगी व गरिमापूर्ण ढंग से मनाई निर्मला देशपाण्डे की 16वीं पुण्यतिथि.
BOL PANIPAT : गांधी ग्लोबल फैमिली व निर्मला देशपाण्डे संस्थान, पानीपत के संयुक्त तत्वावधान में प्रसिद्ध गांधीवादी एवम पूर्व सांसद दीदी निर्मला देशपाण्डे की 16वीं पुण्यतिथि उनके निज स्थान में बहुत ही सादगी व गरिमापूर्ण ढंग से मनाया गया । इस अवसर पर स्व0 दीदी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर सर्वधर्म प्रार्थना व यज्ञ का आयोजन किया गया। सभा को सम्बोधित करते हुए माता सीता रानी सेवा संस्था की अध्यक्षा कृष्णा कांता ने दीदी निर्मला के जीवन ,कार्यो व दर्शन के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि 17 अक्टूबर ,1929 को नागपुर के एक सामाजिक -राजनीतिक परिवार में जन्म लेकर उन्होंने अपने शहर में ही शिक्षा प्राप्त कर सेंट मोरिस कॉलेज में राजनीति शास्त्र की प्रवक्ता पद पर कार्य करना शुरू किया परन्तु संत विनोबा भावे के जीवन व कार्यो से प्रभावित होकर उन्होंने नौकरी त्याग कर आजीवन ब्रह्मचरियत्व का व्रत धारण कर भू दान आंदोलन में भाग लिया । वे विनोबा जी के साथ लगभग 40 हजार किलोमीटर पैदल चली व इस दौरान संत विनोबा के तमाम प्रवचनों को सम्पादित कर भूदान गंगा के चालीस गर्न्थो की रचना की । संत विनोबा जी द्वारा इंदौर में जब शांति सेना की स्थापना की तो वे इसकी पहली कमाण्डर इन चीफ मनोनीत की गई । पूरे विश्व मे उनकी पहचान संत विनोबा जी की मानस पुत्री के तौर पर है । विश्व शांति ,राष्ट्रीय एकता व सर्वधर्म समभाव के लिये उन्होंने अपना जीवन समर्पित कर दिया । पड़ोसी देशों के साथ मैत्री स्थापित करने के लिये वे अनेक बार पाकिस्तान, बांग्लादेश व अन्य देशों में गयी । उनकी सेवाओं को देखते हुए भारत के राष्ट्रपति जी ने उन्हें दो बार एक समाज सेवी के रूप में राज्यसभा के सदस्य मनोनीत किया गया । उन्हें भारत मे जहाँ पद्म विभूषण पुरस्कार से सम्मानित किया गया वहीं अनेक अंतरराष्ट्रीय सम्मानों से भी उन्हें नवाजा गया । अंततः एक मई 2008 को दिल्ली में उनका निधन हो गया । पानीपत से उनका गहरा लगाव रहा इसीलिए उनकी इच्छानुसार उनकी स्मृति में निर्मला देशपाण्डे संस्थान की स्थापना की गई जहाँ उनका एक संग्रहालय ,पुस्तकालय व स्कूल चल रहा है । निर्मला देशपांडे संस्थान के निदेशक श्री राम मोहन राय ने बताया कि उनकी प्रेरणा से ही वर्ष 1992 में माता सीता रानी सेवा संस्था की स्थापना पानीपत में की गई जो महिला सशक्तिकरण के लिये बेहतरीन काम कर रहा है ।
इस अवसर पर माता सीता रानी सेवा संस्था की उपाध्यक्ष मधु यादव ,महासचिव पूजा सैनी, हाली अपना स्कूल की मुख्याध्यापिका प्रिया लूथरा तथा परामर्शदात्री रेहाना खान सहित अनेक लोगो ने अपने विचार प्रकट किए । कार्यक्रम में रोज़ी चावला, आरती दूबे, डोली अवस्थी, सोनी ,सोनिया गर्ग ,श्रुति जैन तथा नंदिनी विशेष रूप से उपस्थित रहे ।

Comments