Monday, June 1, 2026
Newspaper and Magzine


आर्य पी.जी. कॉलेज में एन.एस.एस. द्वारा एक दिवसीय स्वच्छता शिविर का आयोजन

By LALIT SHARMA , in EDUCATIONAL , at September 20, 2025 Tags: , , , ,

BOL PANIPAT : 20.09.2025, आर्य पी.जी. कॉलेज, पानीपत की राष्ट्रीय सेवा योजना (एन.एस.एस.) इकाई व आईआईसी इकाई के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को एक दिवसीय स्वच्छता शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर भारत सरकार के ‘सेवा पखवाड़ा’ 17 सितम्बर से 2 अक्तूबर के अंतर्गत आयोजित किया गया, जिसमें कॉलेज के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कॉलेज की एनएसएस इकाई की प्रभारी डॉ. मनीषा नागपाल ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रातःकालीन सत्र में स्वच्छता अभियान चलाया गया, जिसमें स्वयंसेवकों ने कॉलेज परिसर, खेल परिसर, पार्कों एवं कॉलेज से सटे क्षेत्रों की सफाई की। साथ ही, उन्होंने स्थानीय लोगों को प्लास्टिक बैग का उपयोग न करने के प्रति जागरूक किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। सांयकालीन सत्र में सड़क सुरक्षा पर कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य वक्ता के तौर पर पानीपत ट्रैफिक पुलिस से ए.एस.आई. कुलदीप ने शिरकत की। कॉलेज की एन.एस.एस. इकाई की कार्यक्रम अधिकारी आस्था गुप्ता, डॉ. मनीषा नागपाल तथा पंकज चौधरी ने मुख्य वक्ता कुलदीप का पौधा भेंट कर स्वागत किया।
ए.एस.आई. कुलदीप ने सड़क सुरक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि: हेलमेट पहनना अनिवार्य है, शॉर्टकट रास्तों से बचें, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करें, नशे में वाहन बिल्कुल न चलाएं। उन्होंने छात्रों को हमेशा हेलमेट पहनने और नशे में वाहन न चलाने की शपथ भी दिलवाई।
एन.एस.एस. कार्यक्रम अधिकारी आस्था गुप्ता ने बताया कि शिविर में 200 स्वयंसेवी इकाइयों ने भाग लिया, जिससे विद्यार्थियों में सामाजिक सेवा की भावना का विकास हुआ।उन्होंने यह भी बताया कि कार्यशाला के बाद पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया, जिसमें एन.एस.एस. द्वारा आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए।
अंत में, कॉलेज के प्राचार्य डॉ. जगदीश गुप्ता ने मुख्य वक्ता का धन्यवाद करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता उत्पन्न करने में सहायक होते हैं और समाज हित में एक महत्वपूर्ण पहल है।

Comments