अधिकारी व कर्मचारी कार्यालय में समय पर पहुंच कर जिम्मेदारियों को गंभीरता से निभाएँ: एसडीएम मनदीप कुमार
-समय पालन किसी भी हाल में समझौते का विषय नहीं
-एसडीएम ने सचिवालय का किया औचक निरीक्षण , समय पर आने की दी हिदायत
-सरकारी कार्यालय जनता की सेवा के केंद्र हैं
BOL PANIPAT , 9 दिसंबर। उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया के निर्देश पर एसडीएम मनदीप कुमार ने मंगलवार को जिला सचिवालय स्थित सभी कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने हाजिरी रजिस्टरों की गहन जांच की और अधिकारियों- कर्मचारियों को समय पर दफ्तर पहुँचने के स्पष्ट निर्देश दिए।
निरीक्षण के बाद एसडीएम मनदीप कुमार ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि सरकारी कार्यालय जनता की सेवा के केंद्र हैं, और यहाँ समयपालन किसी भी हाल में समझौते का विषय नहीं हो सकता। सभी अधिकारी व कर्मचारी सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक दफ्तर में पूर्ण समय उपस्थित रहें। देर से आने, समय से पहले जाने या बिना सूचना अनुपस्थित रहने वालों पर सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
एसडीएम ने कहा कि यह प्रशासन की कार्यकुशलता और जनता के विश्वास से सीधे जुड़ा मसला है, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एसडीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपनी जिम्मेदारियों को गंभीरता से निभाएँ और यह सुनिश्चित करें कि आमजन को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में ऐसे औचक निरीक्षण लगातार जारी रहेंगे व जो ऑफिस बाहर है उनका भी निरीक्षण किया जाएगा।

Comments