डिजिटल जनगणना प्रशिक्षण को गंभीरता से लें अधिकारी: उपायुक्त डॉ. वीरेन्द्र कुमार दहिया
-जनगणना 2027 की तैयारी को लेकर अधिकारियों को दी गई विशेष ट्रेनिंग
-पहली बार डिजिटल मोड में होगी जनगणना
-अधिकारियों ने सीखी नई तकनीकें
-चार्ज सेंसस अधिकारियों और तकनीकी सहायकों को दिया गया विशेष प्रशिक्षण
BOL PANIPAT , 10 मार्च। भारत सरकार के गृह मंत्रालय के अंतर्गत भारत के महापंजीयक एवं जनगणना आयुक्त कार्यालय द्वारा जनगणना 2027 के पहले चरण हाउस लिस्टिंग एवं हाउसिंग सेंसस को लेकर मंगलवार को जिला सचिवालय सभागार में चार्ज सेंसस अधिकारियों, सेंसस क्लर्क और तकनीकी सहायकों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य आगामी जनगणना कार्य को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए अधिकारियों को नई व्यवस्था और डिजिटल प्रणाली की जानकारी देना रहा। यह प्रशिक्षण 11 मार्च तथा 25 मार्च को भी आयोजित किया जाएगा।
उपायुक्त डॉ. वीरेन्द्र कुमार दहिया ने प्रशिक्षण कार्यक्रम में कहा कि जनगणना देश की विकास योजनाओं के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण आधार होती है। इसलिए सभी अधिकारी प्रशिक्षण को गंभीरता से लें और दी जा रही जानकारी को ध्यानपूर्वक समझें। उपायुक्त डॉ दहिया ने कहा कि डिजिटल प्रणाली के माध्यम से होने वाली यह जनगणना प्रशासन के लिए एक नई पहल है और इसे सफल बनाने में अधिकारियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण रहेगी।
उपायुक्त डॉ. दहिया ने कहा कि प्रशिक्षण के माध्यम से अधिकारियों को फील्ड में आने वाली संभावित चुनौतियों से निपटने की तैयारी भी कराई जा रही है, ताकि जनगणना कार्य समयबद्ध और सटीक तरीके से पूरा किया जा सके। प्रशिक्षण के पहले दिन जनगणना कार्य निदेशालय की सहायक निदेशक कविता ने अधिकारियों को डिजिटल सेंसस प्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस बार देश में पहली बार डिजिटल माध्यम से जनगणना की प्रक्रिया को लागू किया जा रहा है, जिससे कार्य अधिक पारदर्शी और तेज़ी से पूरा किया जा सकेगा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्रशिक्षण के दौरान किसी भी विषय में शंका होने पर तुरंत प्रश्न पूछें ताकि कार्य के दौरान कोई परेशानी न आए। इस दौरान कई अधिकारियों ने नई तकनीकी प्रक्रियाओं और कार्य प्रणाली से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।
प्रशिक्षण सत्र में यूजर मैनेजमेंट सिस्टम के बारे में भी विस्तार से बताया गया। इसमें जनगणना से जुड़े अधिकारियों के लिए यूजर अकाउंट बनाने, कई अन्य बिंदुओं और प्रबंधन की प्रक्रिया समझाई गई। इसके अंतर्गत एडमिन और जनरल यूजर की भूमिका, ट्रेनर्स, एन्यूमरेटर एवं सुपरवाइजर (ई एण्ड एस), सिंगल यूजर अकाउंट क्रिएशन, बल्क यूजर अकाउंट क्रिएशन तथा विभिन्न क्षेत्रों के अनुसार यूजर देखने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में एसडीएम मनदीप कुमार, एसडीएम समालखा अमित कुमार, नगर निगम के संयुक्त आयुक्त मनी त्यागी, डीएस कोऑर्डिनेटर बृज मोहन शर्मा, तहसीलदार वीरेंद्र गिल तहसीलदार सौरभ शर्मा नरेंद्र दलाल सौरभ शर्मा कैलाश, बीडीपीओ, शक्ति सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।

Comments