ग्राम सभाओं की बैठकों में अधिकारी रहेंगे मौजूद, पारदर्शिता से होगी पूरी कार्रवाई : उपायुक्त डॉ हरीश कुमार वशिष्ठ
सीएम नायब सिंह ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कर अधिकारियों से किया संवाद
जन शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
लंबित शिकायतों का समयबद्ध समाधान कर विकास कार्यों को दी जाएगी गति
जन संवाद और समाधान शिविर की शिकायतों पर अधिकारी गंभीरता से करें कार्रवाई
BOL PANIPAT , 25 सितंबर। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को जन संवाद, सीएम विंडो, समाधान शिविर और एसएमजीटी से संबंधित मामलों की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने प्रदेशभर के उपायुक्तों और संबंधित विभागों के अधिकारियों से विभागवार लंबित मामलों, शिकायतों पर की गई कार्रवाई तथा कार्रवाई रिपोर्ट (एटीआर) की स्थिति की जानकारी ली और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने विभागवार एटीआर जमा नहीं होने के मामलों पर संबंधित अधिकारियों को लंबित कार्रवाई रिपोर्ट समय पर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जन संवाद, सीएम विंडो और समाधान शिविर के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समयावधि में समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा शिकायतकर्ताओं को की गई कार्रवाई की स्पष्ट जानकारी उपलब्ध करवाई जाए।
उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि जिला प्रशासन का मुख्य उद्देश्य लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करना तथा विकास कार्यों को गति प्रदान करना है। ग्राम सभाओं की बैठकों में अब संबंधित अधिकारी मौजूद रहेंगे, ताकि ग्रामीणों की समस्याओं और विकास संबंधी आवश्यकताओं को मौके पर समझकर उन पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
ग्राम सभाओं की पूरी कार्रवाई पारदर्शिता के साथ की जाएगी और संबंधित अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारी गंभीरता से निभानी होगी।
उपायुक्त ने कहा कि जन शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। सभी अधिकारी अपने-अपने विभाग से संबंधित शिकायतों पर तत्काल संज्ञान लेते हुए निर्धारित समय में कार्रवाई पूरी करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों के समाधान के साथ-साथ विकास कार्यों की भी नियमित निगरानी की जाए, ताकि योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय पर पहुंचे और जिले में विकास कार्यों को और गति मिल सके।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के बाद उपायुक्त ने जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों की गंभीरता से पालना सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि लंबित मामलों की नियमित समीक्षा की जाए और जिन मामलों में कार्रवाई रिपोर्ट लंबित है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए।
इस मौके पर एडीसी अंकित चौकसे, पुलिस अधीक्षक मेघा भूषण निगम, अतिरिक्त आयुक्त विवेक चौधरी, एसडीएम मनदीप कुमार, एसडीएम समालखा अमित कुमार, एसडीएम इसराना नवदीप नैन, सीईओ डॉ. किरण, नगराधीश टीनू पोसवाल, डीडीपीओ राजेश शर्मा, तहसीलदार नरेंद्र दलाल, सिंचाई विभाग के कार्यकारी अभियंता सुरेश, संजीव शर्मा, डीएचओ संदीप, आरटीओ डॉ. नीरज जिंदल, जीएम रोडवेज विक्रम कंबोज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Comments