पीआरपीसी द्वारा गांवों में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन हेतु किया ट्रैक्टर एवं ट्रॉली का वितरण.
BOL PANIPAT, 18 मार्च, 2024 : पानीपत रिफाइनरी एवं पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स (पीआरपीसी) ने दिनांक 16 मार्च, 2024 को दोपहर में रिफाइनरी के मेन गेट के पास एक समारोह में आसपास के चार गांवों के सरपंचों को मंदीप कुमार, एचसीएस, सब डिविजनल मजिस्ट्रेट, पानीपत के कर कमलों से चार ट्रैक्टर एवं ट्रॉली का वितरण किया। यह वितरण पीआरपीसी द्वारा निगमित पर्यावरणीय उत्तरदायित्व के तहत वित्त वर्ष 2023-24 के अंतर्गत गांवों में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन हेतु किया गया।
कुल चार गांवों ददलाना, बहोली, सिठाना एवं बालजटान को चार ट्रैक्टर एवं चार ट्रॉली का वितरण किया गया। इस अवसर पर एम एल डहरिया, कार्यकारी निदेशक एवं रिफाइनरी प्रमुख ने चारों ट्रैक्टरों एवं ट्रॉलियों को फ्लैग दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम में तरुण बिसई, मुख्य-महाप्रबंधक, (मानव संसाधन), विवेक नारायण, महाप्रबंधक (ईएमएस), पीआरपीसी के वरिष्ठ अधिकारीगण, ग्राम सरपंच, आसपास के गांवों के गणमान्य लोगों की गरिमामयी उपस्थिति में किया गया।
अपने संबोधन में मंदीप कुमार ने इंडियनऑयल एवं पीआरपीसी द्वारा आसपास के गांवों की तथा पानीपत शहर के विकास एवं जनकल्याण की भलाई के लिए किए कार्यों एवं इस विशिष्ट कार्य के लिए मुक्त कंठ से सराहना की तथा भविष्य में भी इस तरह से गांवों के चहुंमुखी विकास के लिए भी कार्य करते रहने की आशा व्यक्त की।

इस अवसर पर बोलते हुए एम एल डहरिया ने मंदीप कुमार को विश्वास दिलवाया कि इंडियनऑयल की पीआरपीसी आसपास के गांवों के सम्पूर्ण विकास के लिए तथा पर्यावरण को स्वच्छ बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि आज के इस योगदान से हम स्वच्छ भारत, विकसित भारत के अपने अभियान में एक कदम और आगे बढ़ें हैं। स्वच्छता न केवल हमारी रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाती है, बल्कि हमें विभिन्न संक्रामक रोगों से भी बचाती है। उन्होंने उपस्थित सभी लोगों से स्वच्छता को जीवन का एक तरीका बनाने और इसके व्यापक लाभों के बारे में दूसरों को मार्गदर्शन करने के लिए आह्वान किया।
इस अवसर पर सभी सरपंचों एवं गणमान्य लोगों ने पीआरपीसी प्रबंधन का आभार प्रकट करते हुए कहा कि इंडियनऑयल न केवल देश को स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा प्रदान कर देश की सेवा कर रहा है बल्कि शिक्षा, स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं खेलों आदि पर भी बहुत से जन-कल्याण के कार्य कर रहा है। कार्यक्रम तरुण कुमार बिसई के कुशल मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ ।

Comments